बरेली: कोहरे में पुल से गिरी बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/दुनका, अमृत विचार। थाना शाही क्षेत्र में नगरिया मार्ग पर कोहरे के कारण बाइक पुल से नीचे गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पूर्व में आई बाढ़ के कारण बिहारीपुर नगरिया मार्ग कट चुका है। पुल का एक किनारा पूरी तरह नदी में समा चुका है। ग्रामीणों की मदद से रास्ता निकलने लायक बनाया गया है।

ये भी पढ़ें- बरेली: कोहरे में थमे दो दर्जन से अधिक बसों के पहिये, यात्रियों ने झेली दिक्कतें

गांव चकदह भगवतीपुर के खुर्शीद व मोहम्मद इमरान रिश्तेदारी में आए थे। रविवार शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। कोहरे के कारण वे नगरिया मार्ग स्थित दुनका पुल पर हादसे का शिकार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि कोहरे की वजह से बाइक पुल से नीचे नदी में जा गिरी, जिसमें खुर्शीद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल इमरान को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया।

पहले भी इस पुल पर हो चुके हैं कई हादसे, कई की जा चुकी हैं जानें
3 दिसंबर को मुकेश यदुवंशी व उनकी बहन दिव्या यदुवंशी निवासी पदपुरी थाना कैमरी उत्तराखंड शेरगढ़ में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में इसी पुल पर वे हादसे का शिकार हो गए थे। 

छह माह पहले शेरगढ़ निवासी एक युवक इसी पुल से गिरकर घायल हो गया था। वह साइकिल से घर जा रहा था।
आठ माह पहले जयेंद्र सिंह निवासी भरपुरा बाइक सहित पुल से नीचे गिर गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
एक वर्ष पहले लीलाधार निवासी गांव बकरी पुल से गिरकर घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।

ये भी पढ़ें-  बरेली: नए साल पर पांच हजार से अधिक घरों में गुल रही बिजली

 

 

संबंधित समाचार