राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल बागपत में प्रवेश करेगी, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रवेश के बाद मवीकलां गांव में रात्रि विश्राम होगा। यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में तैयारियां तेजी से चल रही है। बागपत के मवीकला गांव में खेल स्टेडियम के पास राहुल गांधी समेत दस हजार कार्यकर्ताओं के ठहराने की व्यवस्था करने में कांग्रेसी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

गुजरात की एक कंपनी को टैंट लगाने तथा दस हजार लोगों को भोजन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें से तीन हजार कार्यकर्ताओं को बस से शामली ले जाकर ठहराने की व्यवस्था की गई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा तीन जनवरी की शाम चार बजे मवीकलां पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि मवीकलां में स्टेडियम के पास 32 बीघा जमीन में टैंट लगवाने का कार्य जोरों पर है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी तथा देश भर के लगभग 450 अति विशिष्ट कांग्रेसी नेताओं के ठहराने की व्यवस्था मवीकलां में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे 709बी के किनारे रिसॉर्ट में की गई है। वहीं भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने और इसके स्वागत के लिए कांग्रेसी नेताओं का मवीकला में जमावड़ा शुरू हो गया है।

प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा, पश्चिमी यूपी सेवा दल अध्यक्ष अनिल देव त्यागी, यात्रा कोर समिति के सदस्य प्रमोद गोस्वामी, अरविंद त्यागी आदि पदाधिकारियों ने स्थान का चयन किया है। जिलाध्यक्ष चौधरी ने बताया कि मवीकलां पहुंचने से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डूंडाहेड़ा के बालाजी धाम के मंदिरों में दर्शन करने के बाद खेकड़ा के पाठशाला बस स्टैंड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।इसके बाद यात्रा मविकला गांव में पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगी।

इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा चार जनवरी की सुबह मवीकलां गांव से शुरू होकर बागपत, सिसाना, गौरीपुर मोड़ होते हुए गुफा मंदिर पर पहुंचेगी। यहां मंदिर में दर्शन के बाद कुछ समय के लिए भोजन तथा विश्राम करने के लिए रुकेगी। बुधवार दोपहर दो बजे यात्रा फिर से शुरू होकर सरूरपुरकलां गांव होते हुए बड़ौत नगर में प्रवेश करेगी। बड़ौत में छपरौली चुंगी पर आयोजित नुक्कड़ सभा को भी राहुल गांधी संबोधित करेंगे। सभा समाप्ति के बाद यात्रा शामली जनपद के लिए रवाना होगी।

यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: तीन लोगों को अगवा करने के आरोप में दो गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

संबंधित समाचार