अयोध्या में नहीं शुरू हुआ तहसील आपके द्वार कार्यक्रम
शासन के निर्देश पर हर शुक्रवार को लगनी थी राजस्व चौपाल
अमृत विचार, अयोध्या। तहसील आपके द्वार कार्यक्रम के तहत राजस्व गांवों में चौपाल लगाने का कार्यक्रम अभी यहां नहीं शुरू हो सका है। जबकि मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने पखवारे भर पहले ही इसके आदेश जारी किए थे।
निर्देश दिए गए थे कि राजस्व गांवों में आमजनों की समस्याएं सुनने और उनके निस्तारण के लिए प्रत्येक शुक्रवार को राजस्व चौपालें लगेंगी। चौपालों के लिए शेड्यूल भी जारी किए जाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत तहसील स्तरीय अधिकारियों को ग्राम चौपाल के लिए नामित किया जाना था। तहसील के संबंधित एसडीएम को इसकी मानीटरिंग करनी थी। इसका उदेश्य था कि आम लोगों में प्रशासन की विश्वनीयता बनी रहे। न्याय पंचायत स्तर पर यह चौपाल अगले एक महीने तक हर शुक्रवार को सुबह दस बजे से लगनी हैं।
इस कार्यक्रम में सभी तहसील व ब्लॉक को भी जोड़ा गया है। चौपाल के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार में कोई एक मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। हालांकि अभी इसे लेकर जिले में कोई सुगबुगाहट नहीं है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही इसे लागू कर दिया जायेगा।
ये भी पढ़ें - बहराइच: ओबीसी आरक्षण को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिया धरना
