बरेली: भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार मनाया गया
बरेली,अमृत विचार। भाई-बहनों के अटूट प्रेम का त्योहार सादगी से मनाया गया। सुबह 9:28 पर भद्रा के समाप्त होने के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। भाइयों ने भी बहनों को ताउम्र की रक्षा का वचन और उपहार भेंट किए। सोमवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लोगों में उत्साह दिखा। …
बरेली,अमृत विचार। भाई-बहनों के अटूट प्रेम का त्योहार सादगी से मनाया गया। सुबह 9:28 पर भद्रा के समाप्त होने के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। भाइयों ने भी बहनों को ताउम्र की रक्षा का वचन और उपहार भेंट किए। सोमवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लोगों में उत्साह दिखा। सोमवार को सुबह से ही बहनें सज धजकर तैयार हो गईं और अपने भाइयों की कलाईयों पर राखियां बांधने के लिए इंतजार करती रहीं। भाई भी पूजा-अर्चना कर राखी बंधवाने के लिए सुबह से ही बहनों के पास पहुंचने लगे। कई बहनें दूरदराज से भाइयों की कलाई पर रक्षा का सूत्र बांधने के लिए उनके घरों पर पहुंचीं।
परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों की आरती उतारकर तिलक किया और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। रक्षासूत्र बांधने पर भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन दिया और उन्हें उपहार प्रदान किए। रक्षाबंधन के इस पर्व में मौसम ने भी बखूबी साथ निभाया। दूरदराज में रहने वाली बहनों ने डाक विभाग व ऑनलाइन रखियां भेजी। भाईयों ने इन रखियों को बांध बहनों से फोन व विडियो कॉल से बात की।
वित्त मंत्री ने अपनी बहन को बांधी राखी
सोमवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व पर कुतुबखाना स्थित साहूकारा पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को उनकी बहन सुधा मेहरा ने राखी बांधी। वित्त मंत्री के पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया था। उनका काफिला किला होते हुए साहूकारा स्थित अपनी बहन के घर पहुंचा। घर पर वित्त मंत्री के पहुंचते ही उन्हें सैनेटाइज किया और मास्क भेंट किये गए। राखी बांधने के बाद वित्त मंत्री ने अपनी बहन को उपहार में मूर्ति भेट की।

सीता से राखी बंधवाने पहुंचे विधायक और उनके बेटे
सिटी शमसान भूमि पर मटके में मिली मासूम बच्ची को विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल ने अपनी बेटी बनाकर उसे गोद ले लिया था। मगर अभी कानून के हिसाब से वह वार्न बेबी फोल्ड में रह रही है। विधायक ने उसका नाम सीता रखा है। वह आए दिन बच्ची का हालचाल लेने के लिए वार्न बेबी फोल्ड जाते रहते है। सोमवार को रक्षाबंधन के मौके पर विधायक अपने बेटे हिमाशूं मिश्रा उर्फ विक्की भरतौल के साथ वार्न बेबी फोल्ड पहुंचे और सीता के हाथ से राखी बंधवाई।

कोविड अस्प्ताल में मनाया गया रक्षाबंधन
एसआरएमएस में कोविड संक्रमित और संदिग्ध मरीजों के साथ उनका इलाज कर रहे डाक्टर और सेवा में लगे स्टाफ की कलाइयां रक्षाबंधन पर खाली नहीं रहीं। उनकी कलाइयों पर राखी बांधी गईं और मुंह मीठा कराने के लिए चाकलेट भी दी गई। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से रक्षाबंधन को यादगार बनाने के लिए किए गए इंतजाम को सभी मरीजों और स्टाफ ने सराहा। कोविड पाजिटिव एक ने तो इसे न भूलने वाला तोहफा करार दिया। इस मौके पर राखी बांधने वाली बहनों और उनके भाइयों को कोविड से सुरक्षित रहने की दुआ भी मांगी।

