Kanpur Weather Today : 3.6 डिग्री पारा के साथ मंगलवार का दिन सबसे ठंडा, सड़कों पर कम लोग आ रहे नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur Weather Today कानपुर में पारा गिरने से ठंड़ बढ़ी है।

Kanpur Weather Today कानपुर में नये साल 2023 का दूसरा दिन सबसे ठंड रहा है। दिनभर गलन के चलते लोग अलाव ताप्त रह रहे है। वहीं, पारा गिरने से ठंड़ भी बढ़ गई है।


कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather Today नव वर्ष का दूसरा और तीसरा दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। इस वजह से गलन इतनी बढ़ गई कि लोगों को जेब से हाथ निकालने में परेशानी हो रही थी। बिना आग तापे रह पाना मुश्किल हो गया था। खोखे और दुकानों में भी हवा से बचने के लिए लोगों ने पॉली कवर का प्रयोग किया तो वहीं बहुत ही जरूरी होने पर ही लोग दो पहिया वाहनों से बाहर निकल रहे थे। 

जनवरी का महीना हाड़ कंपाऊ होता जा रहा है। पहली जनवरी को मौसम ने मिजाज बदल दिए थे और दो जनवरी यानि सोमवार को तेवर और हाई कर दिए। नए साल के दूसरे दिन गलन और जाड़े ने लोगों को खूब सताया। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ कि दिन और रात दोनों ही में ही तापमान काफी कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार दिन में 3.6 डिग्री पारा है। जबकि सोमवार को 13.4 के साथ अधिकतम और रात में 5.4 के साथ न्यूतम तापमान रहा। वहीं पहली जनवरी यानि रविवार को दिन में 20 डिग्री के साथ अधिकतम और रात में 10.8 डिग्री सेल्सियस के साथ न्यूतम तापमान था। चौबीस घंटे में न्यूनतम और अधिकत तापमान में काफी अंतर रहा। ठंड और गलन ज्यादा होने की वजह से सुबह लोगों को रजाई छोड़ने में भी परेशानी हो रही थी।

बिना गरम किए पानी के नहाना मुश्किल हुआ। सोमवार को कार्यालय खुले होने की वजह से लोगों को घरों से निकलना मजबूरी था। जो दो पहिया वाहनों से निकले, उन्हें रास्ते भर ठिठुरन का सामना करना पड़ा। बाजार में भी सर्दी का असर दिखा। देरी से लोगों ने शटर खोले। ग्राहक भी बाजार आने से कतराते दिखे, जिस वजह से रविवार के बाद खुलने वाले बाजारों में दोपहर तक लोगों की संख्या रोज की अपेक्षा काफी कम रही।

पार्कों में भी बच्चों से लेकर बड़े बूढों तक की संख्या कम रही। हवा और गलन से बचने के लिए हर कोई जतन करता दिखा। सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारी दुबके दिखे। रूम हीटर लगभग हर कार्यालय में जलते दिखे तो वहीं गेट पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।

आज व कल और बढ़ेगी गलन

सोमवार की हाड़ कपाऊ सर्दी के बाद अभी इस जनवरी के दस दिन तक जाड़ा खूब सताने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार तीन और चार जनवरी को सोमवार से भी ज्यादा ठंडा हो सकता है। कड़ाके की सर्दी दांत किटकिटाने को मजबूर कर देगी। तापमान दिन में दस और रात में को दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। जरूरी है कि बच्चों और बूढ़ों संग हर कोई ठंड से बचाव के सारे इंतजाम रखे। 

अलाव के लिए खुद जुटाईं लकड़ियां

घाटमपुर। क्षेत्र में कई चौराहों पर अलाव के लिए नगर पालिका लकड़ी की व्यवस्था नहीं कर सकी है। उन चौराहों पर यह समस्या ज्यादा हो रही है, जहां रैन बसेरे की सुविधा भी नहीं है। घाटमपुर के ज्यादातर चौराहों पर लोगों को खुद ही लकड़ी जुटाकर ठंड से बचने की कोशिश करनी पड़ी। कुछ ने तो कचरा जलाकर ही आग जलाई और ठंड से बचाव किया।

दिसंबर के अंतिम तीन दिनों का पारा

दिसंबर    न्यू.         अधि.
31          7.8        16.8
30          7.6        22.2
29          5.8        21.4
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

7 जनवरी तक स्कूल रहेंगे बंद

भीषण ठंड और कोहरे की वजह से 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल 7 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने सोमवार को आदेश जारी किया है। इसके साथ ही सख्ती से आदेश के पालन के निर्देश भी दिए हैं। बता दें कि दो दिनों से न्यूनतम पारा 5 से 6 डिग्री तक पहुंच रहा है। जिससे स्कूल जाने में छात्रों को दिक्कत हो रही है। हालांकि, प्राइमरी स्कूल पहले से ही बंद हैं।

संबंधित समाचार