बहराइच : भारत की प्रथम शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती मनाई

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

अमृत विचार, बहराइच। प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद अखण्ड भारत की ओर से भारत की प्रथम शिक्षिका, सामाजिक सुधारक व लेखिका माता सावित्री बाई फुले की जयंती चित्तौरा ब्लॉक के भोगाजोत में मंगलवार को मनायी गयी। निवर्तमान जिला संगठन मंत्री दिलीप कुमार मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कुमार मौर्य ने तथागत गौतम बुद्ध व माता सावित्री पर पुष्प अर्पित कर मोमबत्ती जलाकर किया। जबकि संचालन निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने किया।

मंडल अध्यक्ष अजय कुमार मौर्य ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत की प्रथम शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले ने जीवनसाथी बने ज्योतिराव ज्योतिबा फुले के सहयोग से घोर सामाजिक पाबंदियों के बीच बालिका, स्त्री और दलितों की शिक्षा की अखण्ड ज्योति जलाई। वह पुणे में 1848 में कन्या स्कूल खोलने वाली और टीचर्स-पैरेंट्स मीटिंग शुरू करने वाली देश की पहली महिला थीं।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने कहा की शिक्षा की देवी माता फुले व फातिमा शेख ने देश में जात-पात, रूढ़िवादिता, छुआछूत, लैंगिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। मंडल प्रभारी लोकेश कुमार मौर्य ने कहा की देश की पहली शिक्षिका माता सावित्री बाई फुले ने ऐसे दौर में जागरूकता की अलख जगाई ज़ब लोग  मनोबल गिराने के लिए उन पर गोबर, कीचड़ फेकते थे।

कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार मौर्य, भूपेंद्र मौर्य, सुरेश गुप्ता, राम नरेश यादव, प्रधान ननकऊ मौर्य मारकंडे प्रजापति, प्रीति मौर्या, पूजा मौर्या, नेहा मौर्या, राज कुमार मौर्य, नन्द कुमार मौर्य, दीपक मौर्य, विकास मौर्य, मुनेशर प्रसाद मौर्य, चंद्रावती मौर्या,अशर्फी मौर्य, सती प्रसाद मौर्य सोनू मौर्य आदि तमाम लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ : राहुल की यात्रा से भाजपा की पेशानी पर पड़ गए बल

 

संबंधित समाचार