यूपी में भी हुआ दिल्ली जैसा कांड, छात्रा को साइकिल समेत घसीट ले गया कार सवार
बच्ची का एक हाथ और पैर टूट गया, हो सकती है दिव्यांग
कौशाम्बी, अमृत विचार। अभी हल ही में देश की राजधानी नई दिल्ली में हुई घटना की यादें लोगों के जेहन में ताजा हैं। जिसमें एक कार ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मारते हुए उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। अब यूपी में भी इससे मिलता-जुलता कांड हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर में एक कार ने साइकिल से जा रही छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे छात्रा कार में फंस गई। इसके बाद कार सवार ने कार नहीं रोकी और उसे तकरीबन 200 मीटर तक घसीट ले गया। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई है। पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया है।
ये हादसा मंझनपुर थाना क्षेत्र बाजापुर गांव के पास हुआ। इसी क्षेत्र के देवखरपुर गांव की रहने वाली कौशल्या देवी मंझनपुर के एक कंप्यूटर सेंटर में क्लास लेती है। रोजाना की तरह वह 1 जनवरी की क्लास लेने मंझनपुर साइकिल से जा रही थी।
छात्रा जब बाजापुर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आए कार सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद कार रोकने के बजाए चालक भागने लगा। कार में फंसने के कारण छात्रा कार के साथ 200 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई।
छात्रा के मां रेनू देवी ने नामजद कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। बताया गया कि कार में चालक समेत अन्य कई लोग सवार थे, जो नशे में थे। छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में बच्ची का एक हाथ और पैर टूट गया है। डॉक्टरों के अनुसार वह आंशिक रूप से दिव्यांग भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें - बरेली : न्यू ईयर के दिन युवती के साथ गैंगरेप, आरोपियों पर कार्यवाही न होने पर पीड़िता के भाई ने फूंका घर
