बहराइच: दुग्ध व्यवसायी को रौंदते हुए तालाब में पलटा ट्रैक्टर, हुई मौत, ट्रैक्टर चालक घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जरवलरोड /बहराइच। अलीनगर कुड़वा पुल के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे लघुशंका कर रहे बाराबंकी निवासी दुग्ध व्यवसायी युवक को रौदते हुए 30 फुट गहरे तालाब में पलट गयी। दुग्ध व्यवसायी की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं गोंडा निवासी ट्रैक्टर चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक के शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे का कारण सड़क पर बना बड़ा गड्ढा बताया जा रहा है।

बाराबंकी जिले के थाना रामनगर अंतर्गत ग्राम निजामुद्दीनपुर निवासी 45 वर्षीय रामविलास पुत्र स्व. गंगाराम क्षेत्र में दूध सप्लाई का कारोबार करता था। वह अपने सहयोगी अभिषेक शुक्ला के साथ मंगलवार रात्रि करीब 10:30 बजे के आसपास घाघरा घाट रेलवे स्टेशन के निकट संचालित एक ढाबे पर दूध देने के बाद लखनऊ गोंडा मार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के अलीनगर पेट्रोल टंकी पर बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहा था। अलीनगर कुड़वा पुल के निकट रामविलास ने बाइक रोंक दी। वह बाइक से उतर कर लघुशंका करने लगा। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली लघु शंका कर रहे रामविलास को रौदते हुए तीस फुट गहरे तालाब में जाकर पलट गयी।

सड़क के दूसरी तरफ खड़े अभिषेक की सूचना पर जरवल रोड थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायल रामविलास और ट्रैक्टर चालक को सामुदायिक स्वास्थ्यकेंद्र मुस्ताबाद पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दुग्ध व्यवसायी रामविलास को मृत घोषित कर दिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक गोंडा थाना उमरी बेगम गंज ग्राम सलोनी निवासी राधेश्याम पुत्र राम लखन का इलाज चल रहा है, हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के भाई बाबू की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर ही ट्रैक्टर ट्राली के पानी में डूबने से ऐसा लग रहा है कि युवक की मौत ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से हुई है। युवक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्राली गहरे पानी में चली गयी है।


गड्ढे से अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर ट्राली 
जहां पर हादसा हुआ उस जगह पर सड़क पर बड़ा गड्ढा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया जाने के बाद वाहन अनियंत्रित हुआ और युवक को रौंदते हुए तालाब में जा गिरा।

ये भी पढ़ें - रायबरेली: दो बच्चों संग नहर में कूदी महिला, एक शव बरामद, अन्य की तलाश जारी

संबंधित समाचार