कंपकंपाते Kanpur को अलाव की दरकार, कागजों में जला रहा Nagar Nigam, चौराहों पर नहीं जल रही लकड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में कागजों में अलाव सीमित रह गया है।

कानपुर नगर निगम कागजों में ही अलाव जला रहा है। जबकि हकीकत में शहर में कहीं भी अलाव नहीं दिख रहा है। 170 ट्रक लकड़ी नगर निगम से निकली है। लेकिन जोनल कार्यालय पहुंचते ही गायब हो गई है।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में न्यूनतम पारा 3.6 पहुंच गया है। हाड़ कंपकंपाती ठंड से जन-जीवन ठहर गया है। खुले आसमान में दिन और रात बिताने वालों की तो आफत आ गई है। ऐसे में उनका सहारा सिर्फ आग ही बचा है। लेकिन नगर निगम उनकी जरूरत को पूरा नहीं कर पा रहा है।

शहर के भीड़-भाड़ वाले चौराहों पर इतनी ठंड में भी अलाव नहीं जल रहा है। ठंड को देखते हुए नगर निगम मुख्यालय के पीछे बने उद्यान विभाग से दो दिनों में 17 ट्रक लकड़ी अलाव के लिये जोनल कार्यलयों में भेजी गईं हैं लेकिन बहुत जगहों पर ही अलाव जल रहे हैं। जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड में ठिठुरना पड़ रहा है।

कूड़ा करकट बीनकर जलाना मजबूरी

नगर निगम मुख्यालय के कुछ दूरी पर कारगिल पार्क के बाहर फुटपाथ पर कुछ लोग कूड़ा करकट बीनकर जला रहे थे। उनसे पूछा कि क्या नगर निगम ने लकड़ी नहीं डाली तो बोले नहीं, जिसके बाद वहां खड़े राकेश ने बताया भइया कोई ध्यान नहीं देता। इसी तरह देव नगर में रिक्शा और ठेले वालों को लकड़ी नहीं मिली तो कागज और लकड़ी लाकर जुगाड़ से आग जलाई। अजय ने बताया कि दिन में कई जगह जाना होता है हमें तो कहीं पर भी नगर निगम द्वारा अलाव जलते नहीं दिखते हैं।    

कागजों में रोज जल रहा अलाव

नगर निगम ने 26 दिसंबर को शहर के 86 स्थानों पर अलाव जलाने के लिए लकड़ी डाली थी। इसी तरह 27 दिसंबर को एक सूची फिर से जारी की जिसमें बताया गया कि शहर में 98 स्थानों पर अलाव जलाया गया। 28 तारीख को पुन: लिस्ट जारी कर बताया गया कि 98 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाया गया। लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ स्थानों को छोड़कर कहीं भी अलाव नहीं जलाया जा रहा है। मंगलवार को जब कड़ाके की ठंड थी इसको देखते हुए नगर निगम ने 186 स्थानों पर अलाव जलाया। लेकिन, शहर में कई जगह लोग खुद ही जुगाड़ कर लकड़ी जलाकर ठंड से बचते दिखाई दिए। 

रैन बसेरों में भी अलाव नहीं

शहर में प्रमुख अस्पतालों में भी अलाव नहीं जलाया जा रहा है। जिससे लोग परेशान हैं। अस्पताल में पहुंच रहे तीमारदार ठंड में ठिठुरते नजर आ रहे हैं। नगर निगम अस्पतालों में भी जोनल कार्यालय से लकड़ी नहीं पहुंच रही है। वहीं, रैन बसेरों में रुकने वाले लोग भी ठंड से बचने के लिए अलाव की जरूरत महसूस कर रहे हैं।

पार्षद खुद मांग रहे अलाव

कई वार्डों में अलाव न पहुंचने से पार्षद भी परेशान हैं। अपने-अपने जोलल अधिकारियों से वह डिमांड कर रहे हैं। शास्त्री नगर से पार्षद राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के लोग कह रहे हैं कि इतनी ठंड में भी अलाव नहीं जल रहा है। हम नगर निगम से लगातार मांग कर रहे हैं कि ठंड को देखते हुए क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर अलाव डाला जाये, ताकि खुले आसमान में रह रहे लोगों को राहत मिल सके। वार्ड 25 में नमक फैक्ट्री चौराहे पर तो अलाव गिर रहा है बाकी पूरे वार्ड में नगर निगम की गाड़ी नहीं पहुंची है। वहीं पार्षद महेंद्र पांडेय ने बताया कि नवाबगंज में जरूरत वाले स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है।

उद्यान विभाग से जोनल कार्यालयों को लकड़ी दी जा रही है। ताकि, जरूरत वाले स्थानों पर अलाव जलाया जा सके।- वीके सिंह, उद्यान अधिकारी

संबंधित समाचार