बरेली: स्वास्थ्य विभाग की सेहत होगी दुरुस्त, मिलेंगे 40 डॉक्टर
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। लंबे समय से डॉक्टरों के अधिकांश पद रिक्त होने के कारण शहर से लेकर देहात तक चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन अब जल्द ही काफी हद तक इसमें सुधार होगा। डॉक्टरों की कमी पूरी होने वाली है। डॉक्टरों की भर्ती की प्रारंभिक प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। जिले को 40 डॉक्टर मिलने की संभावना विभागीय अधिकारी जता रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: तीन से चार दिन तक और करेगी कड़ाके की ठंड परेशान, बढ़े बुखार, सर्दी-जुकाम के मरीज
शहर में इस साल 36 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का संचालन शुरू होने जा रहा है। 15-20 हजार की आबादी वाले इलाके में एक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खुलेगा। यहां कम्यूनिटी हेल्थ अफसर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इन केंद्रों पर ही संविदा के माध्यम से भर्ती होने वाले डॉक्टरों को तैनाती दी जाएगी। जिसको लेकर विकास भवन सभागार में अधिकारियों ने डॉक्टरों के साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। जनपद में डॉक्टरों के 212 पदों पर 162 की तैनाती है। 50 पद रिक्त हैं। सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। एनएचएम के माध्यम से इनकी तैनाती की जाएगी। इससे काफी हद तक डॉक्टरों की कमी दूर हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: खेत पर जा रहे किशोर की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
