America : भारतीय नागरिक को 29 महीने की सजा, Antony Blinken के पास भारत यात्रा के कई अवसर...यहां पढ़ें US की महत्वपूर्ण खबरें
'चीन मुफ्त में कोविड वैक्सीन देने के अपने प्रस्ताव पर कायम है अमेरिका'
वाशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (Antony Blinken) के पास इस वर्ष भारत यात्रा के अनेक अवसर होंगे। भारत वर्तमान में जी-20 समूह की अध्यक्षता कर रहा है। ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन इस वर्ष की शुरुआत में 'टू प्लस टू' वार्ता के लिए भारत जा सकते हैं, जहां वह भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से साथ बैठक करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, अभी तारीखों के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन यह रक्षा मंत्री तथा विदेश मंत्री का प्रति वर्ष अपने भारतीय समक्षकों से मुलाकात का अहम अवसर है। उन्होंने कहा, यह दोनों देशों की वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की व्यापकता पर चर्चा का अवसर है। प्राइस ने कहा, भारत की जी-20 की अध्यक्षता के मद्देनजर मंत्री के पास पूरे साल भारत यात्रा के अनेक अवसर रहेंगे। हम इसमें भाग लेने और भारत की अध्यक्षता में जी-20 की सफलता को लेकर उत्सुक हैं।
कॉल सेंटर धोखाधड़ी : भारतीय नागरिक को 29 महीने की सजा
कॉल सेंटर धोखाधड़ी में संलिप्तता के मामले में एक भारतीय नागरिक को 29 महीने कारावास की सजा सुनाई गई है। मोइन इदरीसभाई पिंजारा ने 30 नवंबर को अपना गुनाह कबूल कर लिया था। सजा पूरी होने के बाद उसे निष्कासित किया जा सकता है। अमेरिकी जिला न्यायाधीश एंड्रयू हैनन ने पिंजारा को धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों को मुआवजे के रूप में 6,35,103 अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने का आदेश भी दिया।
अमेरिकी अटॉर्नी आलमदार एस. हमदानी ने बताया कि पिंजारा दिसंबर 2019 से जुलाई 2020 के बीच भारत स्थित कॉल सेंटर में धोखाधड़ी में शामिल था। ये लोग (कॉलर्स) अमेरिका में लोगों को फोन करके अलग-अलग बहाने से पैसे ठगा करते थे। पिंजारा कई अन्य नामों और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उन ‘पार्सल’ को हासिल करता था जिनमें नकदी होती थी जिसे लोग डाक के जरिए भेजा करते थे। जांच के दौरान कानून प्रवर्तन को इस धोखाधड़ी का शिकार बने सैकड़ों लोगों का पता चला। इसके जरिए लाखों डॉलर से अधिक की ठगी की गई। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन’ (एसएसए) लगातार इस तरह की धोखाधड़ी के बारे में लोगों को आगाह करता रहता है।
जिल बाइडेन की दाहिनी आंख के ऊपर से एक ‘लेज़न’ को हटाया जाएगा
अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन की दाहिनी आंख के ऊपर से एक 'लेज़न' को अगले सप्ताह हटाया जाएगा। त्वचा कैंसर की नियमित जांच के दौरान इसका पता चला था। व्हाइट हाउस ने बुधवार को यह जानकरी दी। चोट या बीमारी के कारण शरीर के किसी भाग या त्वचा को हुई क्षति या घाव को अथवा बढ़े हुए मास को ‘लेज़न’ कहते हैं। व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में राष्ट्रपति जो बाइडन के चिकित्सक डॉ. केविन ओ कोन्नोर के हवाले से कहा गया कि मैरीलैंड के बेथेस्डा में वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में 11 जनवरी (अगले बुधवार) को प्रथम महिला एक चिकित्सकीय प्रक्रिया से गुजरेंगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने ‘लेज़न’ हटाने की सलाह दी है।
चीन मुफ्त में कोविड वैक्सीन देने के अपने प्रस्ताव पर कायम है अमेरिका : पियरे
अमेरिका चीन को कोविड-19 के टीके मुफ्त में भेजने के अपने प्रस्ताव पर कायम है, लेकिन इस प्रस्ताव को स्वीकार करना चीन पर निर्भर है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता काराइन जीन-पियरे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमने चीन को टीके और कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में अन्य सहायता की पेशकश की है। चीन ने सार्वजनिक रूप से संकेत दिया है कि वे प्रस्ताव की सराहना करते हैं और उन्हें समर्थन की आवश्यकता नहीं है।” उन्होंने कहा कि हम अपने प्रस्ताव पर कायम रहेंगे, लेकिन चीन को इस बारे में निर्णय के लिए नहीं बोल सकते हैं।
ये भी पढ़ें : यूक्रेन को 'Bradley Fighting Vehicle' देने पर विचार कर रहे Joe Biden, कहा- लड़ाई में मिलेगी मदद
