यूक्रेन को 'Bradley Fighting Vehicle' देने पर विचार कर रहे Joe Biden, कहा- लड़ाई में मिलेगी मदद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राष्ट्रपति से संवाददाताओं ने प्रश्न किया था कि क्या उनकी यूक्रेन को बख्तरबंद लडाकू वाहन भेजने की कोई योजना है, इस पर बाइडेन ने अपने जवाब में कहा 'हां

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को कहा कि उनका प्रशासन रूस और यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच कीव को 'ब्रैडले फाइटिंग व्हीकल्स' (बीएफवी) भेजने पर विचार कर रहा है। इससे यूक्रेन को लड़ाई में मदद मिलेगी। बाइडेन ने केंटुकी में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। 

राष्ट्रपति से संवाददाताओं ने प्रश्न किया था कि क्या उनकी यूक्रेन को बख्तरबंद लडाकू वाहन भेजने की कोई योजना है, इस पर बाइडेन ने अपने जवाब में कहा 'हां।' हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को 11 माह हो गए हैं। ऐसे में कीव अमेरिका से उसे अतिरिक्त टैंक, लंबी दूरी की मिसाइलें, हवाई रक्षा प्रणाली आदि देने की मांग कर रहा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई चल रही है।

 गौरतलब है कि ब्रैडले एक लड़ाकू वाहन है, जिसका इस्तेमाल सैनिकों के परिवहन में भी किया जा सकता है। इसमें पहियों के बजाय 'ट्रैक' होते हैं और यह तोप से अधिक बड़ा तथा शक्तिशाली है। अमेरिकी सेना में ब्रैडले का अब भी इस्तेमाल होता है। हालांकि, वह लंबे समय से इसका विकल्प तलाश रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की पिछले माह अमेरिका गए थे। उन्होंने अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों को स्पष्ट किया था कि यूक्रेन को अधिक आधुनिक हथियारों की जरूरत है। 

रूस ज़िरकोन हाइपरसोनिक मिसाइल से लैस युद्धपोत के जरिये शक्ति प्रदर्शन करेगा 
मॉस्को।  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध को लेकर पश्चिमी देशों के साथ बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को देश की नयी ज़िरकोन हाइपरसोनिक मिसाइल से लैस एक युद्धपोत (फ्रिगेट) को वैश्विक समुद्री क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन के लिए भेजा। रूस का कहना है कि ज़िरकोन मिसाइल 7,000 मील प्रति घंटे (11,265 किमी/घंटा) की गति से उड़ान भरने और किसी भी पश्चिमी वायु रक्षा प्रणाली को भेदने में सक्षम है।

वैश्विक समुद्री क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन के लिए भेजे गए ‘एडमिरल गोर्शकोव’ को लंबे परीक्षणों के बाद 2018 में रूसी नौसेना में शामिल किया गया था। यह नयी शृंखला का पहला युद्धपोत है, जिसे पुराने सोवियत-निर्मित विध्वंसक की जगह लेने के लिए तैयार किया गया है। कई मिसाइलों से लैस यह युद्धपोत 130 मीटर (427 फीट) लंबा है और इसमें चालक दल के करीब 200 सदस्य हैं। 2019 में इसने विश्वभर के महासागरों में 35,000-समुद्री मील का सफर तय किया था। ‘ज़िरकोन’ मिसाइल का मुख्य परीक्षण ‘एडमिरल गोर्शकोव’ से ही किया गया था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘ज़िरकोन’ की तारीफ करते हुए कहा कि यह 1,000 किलोमीटर से अधिक (620 मील से अधिक) दूरी से ध्वनि से नौ गुना तेज गति से उड़ान भरकर किसी भी मौजूदा मिसाइल रोधी प्रणाली को भेदने में सक्षम है। पुतिन ने इस बात पर जोर दिया है कि ‘ज़िरकोन’ रूसी सेना को लंबी दूरी पर स्थित लक्ष्यों को सटीकता के साथ निशाना बनाने की क्षमता प्रदान करती है। 

ये भी पढ़ें :  'पाकिस्तान वह करेगा जो उसके हित में...आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे तालिबान', नेड प्राइस ने ऐसा क्यों कहा?

संबंधित समाचार