मुरादाबाद : मुख्य परीक्षा से पहले होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर तैयारियां तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तैयारी : जिले में हैं 54 सीबीएससी विद्यालय...14 फरवरी से पूर्व सभी स्कूलों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं करानी होंगी

मुरादाबाद,अमृत विचार। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद की मुख्य परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अब सीबीएसई से जुड़े स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षा के साथ प्रोजेक्ट, आंतरिक मूल्यांकन संपन्न कराने की तैयारी शुरू हो गई है। 14 फरवरी से पूर्व सभी स्कूलों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं करानी होंगी। 

जनपद में सीबीएसई बोर्ड के 54 स्कूल हैं। बोर्ड की लिखित परीक्षाएं वैसे तो 15 फरवरी से होंगी, लेकिन जनपद में 24 फरवरी से 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा से शुरुआत होगी। 12वीं की परीक्षा पांच अप्रैल तक चलेगी।  इसी प्रकार 27 फरवरी से 10वीं की अंग्रेजी परीक्षा से इसकी शुरुआत होगी। 10वीं की परीक्षा 21 मार्च तक चलेगी। इनमें 10वीं और 12वीं कक्षाओं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, प्रोजेक्ट, आंतरिक मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 12वीं कक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं के लिए सीबीएसई की ओर से बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति होती है। एक शिक्षक को एक से अधिक विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी जाती है। प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए सीबीएसई ने निर्देश जारी कर दिए है। प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।

यूपी बोर्ड को अभी निर्देशों का इंतजार
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा का इंतजार किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरूण कुमार दुबे ने बताया कि बोर्ड की ओर से प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के लिए अगले सप्ताह निर्देश जारी हो सकते है। निर्देश मिलने पर जिले में प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू करवा दी जाएंगी।

प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर बोर्ड के निर्देशों से सभी स्कूलों के प्रबंधन को जानकारी दे दी है। 14 फरवरी से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपंन्न कराकर बोर्ड की वेबसाइट पर नंबर अपलोड किए जाने हैं। -शशि शर्मा, नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य गांधी नगर पब्लिक स्कूल

लिखित परीक्षा व प्रयोगात्मक परीक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत करा दिया गया है। विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल के लिए चार्ट व फाइल तैयार कराई जा रही है।  -बंदना छावड़ा, प्रधानाचार्य आरआरके स्कूल  

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : सड़कों से ब्लैक स्पॉट मिटाने में अधिकारियों की सुस्ती हावी

संबंधित समाचार