हरदोई: राज्यमंत्री ने यातायात जागरूकता रैली को किया रवाना, कही ये बात
अमृत विचार, हरदोई। सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ रसखान प्रेक्षाग्रह में गुरुवार को आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि जागरुकता के अभाव में मार्ग दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई हैं। उन्होंने यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अपने सम्बोधन में मंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटना मे होने वाली मौतों की संख्या मे जागरूकता के माध्यम से कमी लायी जा सकती है। पूरे माह के दौरान व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाये तथा यातायात नियमों का पालन कराया जाये। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि शिक्षक गण विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे मे बताये तथा विद्यार्थीगण अपने अभिभावकों व आप-पास के अन्य लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करे।
उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेल्मेट अवश्य लगाये। कार चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करे। शराब पीकर गाड़ी न चलाये तथा वाहन की गति को निर्धारित सीमा मे रखे। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने अपने सम्बोधन मे कहा कि सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए तथा वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग नही करना चाहिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए द्वि आयामी रणनीति बनाकर कार्य किया जा रहा है जिसमे एक ओर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी एमपी सिंह, तथा पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने दो प्रचार वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। ये प्रचार वाहन सड़क सुरक्षा माह के दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश तिवारी, जिला आबकारी अधिकारी रवि शकंर, एआरटीओ दयाशंकर व विवेक सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण शास्त्री, समाज सेवी प्रियम मिश्रा, बड़ी संख्या मे विद्यार्थीगण व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -
