लखनऊ : शामली में निकली भारत जोड़ो यात्रा पानीपत रवाना

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

प्रदेश में यात्रा के अंतिम दिन भी उमड़ा जनसैलाब, लाखों लोगों ने सड़कों पर उतर कर किया यात्रा का स्वागत

अमृत विचार,  लखनऊ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को शामली के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए हरियाणा के पानीपत के लिए रवाना हो गई। प्रदेश में यात्रा के तीसरे अंतिम दिन शामली में फिर जनसैलाब उमड़ा। लाखों लोगों ने सड़कों पर उतर कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा सुबह छह बजे शामली के एलम से शुरू हुई। यात्रा के दौरान लाखों लोगों का हुजूम राहुल गांधी के समर्थन में सड़कों पर उतरा। यात्रा लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय कर पहले पहर में 10 बजे ऊंचा गांव पहुंची। दूसरे पहर में ऊंचागांव से आगे बढ़ते हुए यात्रा कैराना के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर गई। यात्रा के दौरान राहुल गांधी हजारों लोगों से मुलाकात और बात करते बढ़ रहे थे।

सड़कों के किनारे हजारों की संख्या में खड़े महिला, बुजुर्ग, बच्चे और युवाओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया और यात्रा का समर्थन किया। इनके अलावा कंधे पर रालोद का झंडा लिए इनके नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में जगह-जगह जमा होकर यात्रा का स्वागत करते रहे। गन्ना किसानों ने भी जगह-जगह खड़े होकर राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। इनके अतिरिक्त किसानों का कुछ समूह ट्रैक्टरों पर सवार होकर सड़क के दूसरी ओर से यात्रा के साथ-साथ चलता नजर आया। अभिनेत्री ऋतु सिंह पुरी समेत कई हस्तियां यात्रा में शामिल हुईं।

छत्तीसगढ़ की तर्ज पर लागू हो पूरे देश में आरक्षण : राहुल गांधी

यात्रा के दौरान लंच ब्रेक में राहुल गांधी की उपस्थिति में दो संवादों का आयोजन हुआ। पहला संवाद सामाजिक न्याय संवाद हुआ जिसमें विभिन्न पिछड़ी जातियों दलित नेताओं ने हिस्सा लिया। इस संवाद में ओबीसी आरक्षण को बढ़ाने और जातिगत जनगणना को लेकर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने संवाद के माध्यम से कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर आरक्षण लागू होना चाहिए। दूसरा संवाद युवा संवाद हुआ, जिसमें नई शिक्षा नीति, फीस वृद्धि, शिक्षा के बाजारीकरण को लेकर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी : बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर पर छापा, सील किए गए नमूने

संबंधित समाचार