SP MLA Irfan Solanki की पत्नी नसीम ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा- अपराधियों ने झूठे मुकदमे लिखवाये
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम ने प्रेस कांफ्रेंस की।
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी, मां खुर्शीदा, भाई की पत्नी रोजी सोलंकी और वकील गौरव दीक्षित ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि अफसरों को गुमराह कर अपराधियों ने मुकदमे लिखवाये।
कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी के बचाव में एक बार फिर से उनकी पत्नी नसीम सोलंकी, मां खुर्शीदा, भाई की पत्नी रोजी सोलंकी और वकील गौरव दीक्षित सामने आए हैं। शुक्रवार शाम कानपुर प्रेस क्लब में उन्होंने प्रेसवार्ता की और कहा कि विधायक के खिलाफ पहुंची 52 शिकायतों की पुलिस ने सही तरीके से जांच की। जिसमें पुलिस ने विधायक के खिलाफ आई ज्यादातर शिकायतों को फर्जी पाया है।
हाईकोर्ट के वकील गौरव दीक्षित ने कहा कि थाने स्तर पर तैनात इंस्पेक्टर ने उच्चाधिकारियों को पूरी तरह से गुमराह किया है। थाने स्तर के अपराधियों से ही विधायक के खिलाफ मुकदमे लिखाए गए हैं। पुलिस और अपराधियों ने इरफान को बड़ा अपराधी बना दिया। कहा कि जाजमऊ थाने में इरफान के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा लिखाने वाला अकील अहमद खुद अपराधी है, जिस पर चार मुकदमे दर्ज हैं।
थाना स्तर पर की जा रही लापरवाही, मुख्यमंत्री की तारीफ की
वकील गौरव दीक्षित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी पूरे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, वो एक कम्यूनिटी के नहीं हैं। जो भी लापरवाही की जा रही है, वो थाना स्तर पर फर्जी जांच के आधार हो रही है।
पुलिस के पास रिकॉर्ड नहीं, कहानी पूरी तरह फर्जी
वकील ने कहा कि पुलिस के पास किसी भी रिकॉर्ड में नहीं है कि एयरपोर्ट पर इरफान सोलंकी ने आधार कार्ड ही दिखाया था। पुलिस की ये कहानी पूरी तरह फर्जी है। पुलिस के पास कोई सीसीटीवी रिकॉर्डिंग तक नहीं है। एयरपोर्ट पर पांच आईडी के जरिए यात्रा कर सकते हैं। लेकिन पुलिस ने सिर्फ फर्जी आधार दिखाया।
यात्रा के दौरान आईडी सिर्फ दिखाई जाती है, कहीं भी जमा नहीं करनी पड़ती है। 26 नवंबर को फर्जी आधार कार्ड से यात्रा करने में एफआईआर लिखी गई। आधार की रिकवरी नौ दिसंबर को दिखाई है। इससे पहले सात दिसंबर को जेल से इरफान सोलंकी द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया। उसमें बताया था कि अशरफ अली आए और बताया कि कुछ पुलिस वाले फर्जी आधार कार्ड बना रहे हैं। उन लोगों ने उसका आधार छीन लिया है, और उसमें इरफान की फोटो लगाने की बात कह रहे हैं। इसका प्रार्थना पत्र कोतवाली में दिया गया था।
जेल में इरफान को प्रताड़ित किया जा रहा
नसीम सोलंकी और मां खुर्शीदा ने कहा कि विधायक को स्पॉइन और किडनी में स्टोन की समस्या है। साथ मंप उन्हें अस्थमा भी है, बीच-बीच में उन्हें दवा लेनी पड़ती है। महराजगंज जेल से कानपुर लाने के दौरान सिर्फ एक जगह गाड़ी रोकी गई है। डॉक्टर ने जेल में उनके स्वास्थ्य को लेकर कई जांचे लिखी गईं, लेकिन सिर्फ एक सीबीसी जांच कराई गई। उन्हें जेल में गद्दा और कंबल तक नहीं दिया जा रहा है। जेल मैनुअल आधार पर उनका कोई ख्याल नहीं रखा जा रहा है। उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। जेल प्रशासन मानवता का भी हनन कर रहा है।
रिजवान ने रंगदारी में दिए थे 15 लाख
डिफेंस कालोनी के प्लॉट पर आगजनी मामले में जो मुकदमा लिखाया गया। उस मामले में रिजवान सोलंकी से 15 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी। तीन लाख रुपये बैंक अकाउंट में दिए भी गए थे। बाकी रकम कैश दी गई थी। रिजवान ने बैंक अकाउंट के स्टेटमेंट और प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया था, लेकिन उसे साफ तौर पर छिपाया गया।
नहीं निकलवाई गई सीडीआर
परिवार का आरोप है कि जिस वक्त नजीर फातिमा के प्लाट पर आगजनी हुई, उस वक्त विधायक इरफान सोलंकी रिजवी रोड कार्यालय में थे, और रिजवान सोलंकी लखनऊ में मौजूद थे। लेकिन पुलिस ने इस मामले में कतई सीडीआर नहीं निकलवाई।
