Farrukhabad Accident : कोहरे में रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत में दो की मौत, 13 यात्री घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Farrukhabad Accident फर्रुखाबाद में कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ।

Farrukhabad Accident फर्रुखाबाद में कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां कोहरे के कारण रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इसमें दो की मौत हो गई। जबकि 13 यात्री घायल हो गये।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। Farrukhabad Accident घने कोहरे में नवाबगंज क्षेत्र में दिल्ली रूट पर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों के चालक की मौके पर मौत हो गई। बस की 11 सवारी, परिचालक व ट्रक पर बैठा व्यापारी घायल हो गए। सवारियों में चीख पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने सवारियों को बाहर निकाला और सीएचसी भेजा। गंभीर घायल पांच लोगों को वहां से लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। डीएम, एसपी व सीएमओ ने लोहिया अस्पताल पहुंच कर घायलों से बाचचीत की।

रविवार सुबह घना कोहना होने के कारण दस कदम दूर का नजर नहीं आ रहा था। सुबह सात बजे साहिबाबाद डिपो की बस फर्रुखाबाद बस अड्डा से 11 सवारियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसमें दो सवारी एटा के जैथरा, एक कायमगंज, एक दादरी, तीन लालकुआं, दो अलीगढ़ और दो दिल्ली की बैठी थी।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला जोधा के पास से गुजरने के दौरान करीब आठ बजे सामने से आ रहे ट्रक की बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। जोरदार धमाके की आवास सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटना स्थल पर दौड़कर पहुंचे। बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बस की सवारियों को स्थानीय लोगों के सहयोग से बाहर निकलवाया।

सभी को सीएचसी भेजा गया। बस के परिचालक अजय कुमार निवासी विढैल थाना जहानगंज की हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस से सीधे लोहिया अस्पताल भेजा गया। बस चालक लखन शर्मा निवासी महमूदपुर पनेठी थाना अलीगढ़ और ट्रक के चालक गोविंद उर्फ बबलू निवासी घसा गढिया रंगीन जिला शाहजहांपुर की मौके पर मौत हो गई। दोनों के शव फंस गए। ट्रक का परिचालक वहां से भाग गया।

बस सवार गंभीर घायल अखिलेश दीक्षित, इनकी पुत्री निशा दीक्षित निवासी तलैया लैन फतेहगढ़, शहर के रहने वाली नीलम सोमवंशी व पुत्र अर्पित सोमवंशी, ट्रक सवार घायल व्यापारी राकेश निवासी बढौला थाना कासगंज  को सीएचसी नवाबगंज से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। अखिलेश दीक्षित पुत्री निशा को बीटेक की परीक्षा दिलाने और शिक्षिका नीलम सोमवंशी पुत्र के साथ एटा जिले के थाना जैथरा के पैतृक गांव पिजरी जा रही थी। अन्य घायलों को सीएचसी नवाबगंज में उपचार किया गया।

घटना की जानकारी पर डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा व सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार लोहिया अस्पताल पहुंचे। घायलों के हालचाल लिए और डॉक्टर को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। ट्रक व बस चालक को करीब एक घंटे बाद बमुश्किल निकाला गया। घटना स्थल पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। ट्रक में शकरकंदी के 350 पैकेट लदे हुए थे। यह कासगंज से गोंडा जा रहे थे।

संबंधित समाचार