Kanpur में सात दिन में हार्ट अटैक से 98 की मौत, कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में शनिवार को 14 ने तोड़ा दम
कानपुर में सात दिन में हार्ट अटैक से 98 की मौत।
कानपुर में सात दिन में हार्ट अटैक से 98 की मौत। इसमें कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में शनिवार को 14 ने दम तोड़ा। हैलट अस्पताल में ब्रेन स्ट्रोक के काफी मामले आ रहे।
कानपुर, अमृत विचार। पिछले सात दिनों में सर्दी के चलते हार्ट अटैक से 98 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 40 साल से कम आयु के 18, 40 से 60 वर्ष के 30 और 60 साल से अधिक उम्र के 50 मरीज शामिल थे। यह कानपुर समेत आसपास के जनपदों से कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में गंभीर हालत में पहुंचे थे।
इसके अलावा हैटल, उर्सला और शहर के अन्य नर्सिंगहोम में ब्रेन स्ट्रोक, दमा, सांस के रोगी और हाई ब्लड प्रेशर की वजह से कई लोगों की सांसें टूट रही है। कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रो. विनय कृष्ण ने बताया कि शनिवार को अस्पताल में छह मरीजों की मौत हो गई, जबकि आठ बॉड डेड आए थे। सात दिनों में कुल 4862 मरीज ओपीडी और इमरजेंसी पहुंचे, जिनमें से 333 लोगों को भर्ती कराया गया।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमरजेंसी में कंट्रोल रूम चालू कर दिया गया है। यहां डॉक्टर, जूनियर डॉक्टर के अलावा पैरामेडिकल स्टाफ तैनात है। हेल्पलाइन नंबर जारी की गई है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला के मुताबिक ब्रेन स्ट्रोक, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सांस, गुर्दा, लिवर फेल होने की समस्या पर काफी मरीज भर्ती हैं। इमरजेंसी और आईसीयू में उपचार किया जा रहा है।
