अयोध्या : मौसम की थर्ड डिग्री, धूप भी नहीं दिला सकी राहत
सर्द हवाओं से परेशान हुए लोग, तीन डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। सर्द हवाओं के साथ बढ़ी गलन से जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री रहा।
सुबह से हो रही गलन के बीच दूसरी पहर जब धूप निकली तो घर की छतों व पार्कों में लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया, लेकिन सर्द हवाओं ने लोगों को धूप का आनंद नहीं लेने दिया।
ठंड से बचने के लिए यूं तो लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ती जा रही गलन से अलाव की तपिश भी मंद हो गई है। काम की तलाश में घर से निकले लोग सड़कों पर अलाव ढूंढते नजर आए। ऐसी ही कुछ स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों की रही।
अभी राहत के आसार नहीं
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि हवाएं 3.9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। उन्होंने बताया कि आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने, सुबह के समय कोहरा पड़ने एवं हवा के सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है। अभी शीतलहर से राहत के आसार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें:-बहराइच : विशुनापुर ने बिछिया की टीम को 2-0 के अंतर से हराया
