है न मस्त जॉब ! समुद्र तट पर मैसेज लिख लाखों की कमाई कर रही ये महिला
बीजिंग। चीन की रहने वाली एक महिला ने नौकरी छोड़कर एक अजीबोगरीब काम शुरू किया। जिससे वह एक लाख रुपए से ज्यादा महीने की कमाई कर रही है। दरअसल, फेंग नाम की चीनी महिला सेल्स सेक्टर में काम करती थी, लेकिन फिर उसने नौकरी छोड़ दी और बेहद दिलचस्प काम का आगाज किया। फेंग दूसरे लोगों के लिए रेतीले समुद्र तटों पर मैसेज लिखने का काम करती हैं। इस नौकरी के लिए फेंग को अच्छी खासी सैलरी भी मिलती है। फेंग चीन के हैनान क्षेत्र के सानया शहर की रहने वाली हैं।
फेंग को इस जॉब के बारे में तब पता चला, जब उन्होंने एक व्यक्ति को रेत पर मैसेज लिखते देखा। इसके बाद उनकी दिलचस्पी बढ़ती गई। उन्होंने अपनी सेल्स की नौकरी छोड़कर इसे फुल-टाइम प्रोफेशन बना लिया। पहले तो फेंग ने मैसेज को तटों पर लिखकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया, लेकिन उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इससे उन्हें कामयाबी मिलेगी।
लोगों को रेत के तटों पर की गई उनकी कलाकारी खासा अच्छी लगी। इसका नतीजा ये हुआ कि उन्हें जल्द ही मैसेज लिखने के लिए बुकिंग मिलना शुरू हो गई। एक वक्त ऐसा आया, जब उन्हें ये फैसला करना पड़ा कि वह अपनी सेल्स की नौकरी करें या फिर रेत पर मैसेज लिखने का काम पूरी तरह से शुरू कर दें। हालांकि, उन्होंने साहसिक फैसला लेते हुए अपने पैशन को चुना।
फेंग ने इसलिए भी मैसेज लिखने के काम को चुना, क्योंकि उनकी नई नौकरी उन्हें फ्लेक्सिबल ऑवर्स में काम करने का ऑप्शन देती है। अब वह न सिर्फ ज्यादा पैसा कमाती हैं, बल्कि अपने परिवार को भी समय दे पाती हैं। उन्होंने कहा, जब मैंने अपने नए करियर की शुरुआत की, तो मेरे परिवार ने मुझे काफी सपोर्ट किया। उन्होंने डिजाइन के बारे में और स्टडी की और फिर अपनी स्किम में सुधार करना भी शुरू कर दिया।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, फेंग ने बताया कि वह आठ घंटे काम करके हर महीने 10000 युआन (लगभग 1.2 लाख रुपए) कमा लेती हैं। उन्होंने कहा कि वह दूसरे लोगों के लिए मैसेज लिखकर बेहद खुश होती हैं, क्योंकि जब कोई उस मैसेज को पढ़ता है, तो उसके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है।
