अयोध्या: शासन ने शुरू कराई कस्तूरबा विद्यालयों की जांच, पहुंचेगी टीम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने के लिए शासन स्तर से दो सदस्यीय टीम नामित की गई है। दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान यह टीम औचक रूप से जिले के किन्ही पांच कस्तूरबा विद्यालयों की जांच करेगी। 

बताया गया कि जनवरी महीने के तीसरे सप्ताह में टीम पहुंचेगी। विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर, संसाधन की उपयोगिता और प्रबंधन आदि निर्धारित बिन्दुओं की जांच करेगी। रिपोर्ट महानिदेशक स्कूल शिक्षा को सौंपेगी। कुछ कस्तूरबा स्कूलों में कक्षा 12 तक की छात्राओं के आवासीय सुविधा के लिए हॉस्टल का निर्माण भी कराया जा रहा है। टीम इसकी प्रगति भी जानेगी।बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। 

जनपद के लिए गठित दो सदस्यीय टीम में शंभुमान सिंह उप निदेशक, साक्षरता वैकल्पिक शिक्षा, उर्दू एवं प्राच्य भाषायें, लखनऊ और चंद्र प्रकाश, निर्माण कार्य यूनिट लखनऊ को शामिल किया गया है। यह दो सदस्यीय टीम दो दिवसीय प्रवास कर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का रैंडम निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद बेसिक शिक्षा के अधिकारियों के साथ बैठक करके निरीक्षण में मिली कमी को दुरुस्त कराने के लिए कार्ययोजना बनाएंगे। निरीक्षण संबधी सूचना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी गई है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: CM योगी ने शुरू की मंडलीय समीक्षा बैठक, वरिष्ठ अधिकारी मौजूद   

संबंधित समाचार