शाहजहांपुर: खून से लथपथ युवक का मिला शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

शाहजहांपुर/खुटार, अमृत विचार। गोला बाईपास मार्ग पर स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास सोमवार सुबह खून से लथपथ एक युवक का शव बरामद हुआ। उसके माथे पर चोट का गहरा निशान नजर आ रहा था और नाक-कान से भी खून रिस रहा था। उसकी जैकेट खून से सनी हुई थी। परिजनों ने एक महिला के परिवार वालों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले को हादसे से जोड़कर देख रही है। हालांकि पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। 

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अजीजगंज डैम रोड पर किसान से 50 हजार की लूट, जांच में जुटी पुलिस

खुटार नगर के मोहल्ला कोट बगियानाथ निवासी अमरीश सिंह कुशवाहा की पत्नी ऊषा देवी ने बताया कि उनका बेटा 26 वर्षीय राजू कुशवाहा तिकुनियां गोला हाइवे पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। ईंटो का ऑर्डर मिलने पर मैलानी, पलिया के साथ अन्य जगह ईंट भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जाता था। शनिवार को ईंट भट्ठा से राजू ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटो को भरकर थाना बंडा क्षेत्र में गया हुआ था। रात करीब नौ बजे राजू घर लौटा था, उसी समय उसके फोन पर महिला का फोन आया था। उन दोनों के बीच फोन पर क्या बात हुई। इसकी जानकारी नहीं है। फोन आने के बाद राजू घर से चला गया था।

रविवार को परिजनों ने राजू से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नही चल सका। इसके बाद परिचित लोगों के यहां पहुंच कर तलाश किया था। राजू का कोई पता नही चलने पर अनहोनी की आशंका सताने लगी। सोमवार सुबह सूचना मिली कि राजू का शव गोला बाईपास सड़क किनारे पड़ा हुआ है, तो परिवार में कोहराम मच गया। इससे पहले पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया था। शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस थाने ले आई थी। सूचना पर परिजन थाने पहुंचे और बेटे की हत्या का आरोप लगाया।

परिजनों का कहना है कि शनिवार रात महिला का फोन आने के बाद बेटा राजू घर नही लौटा था। आरोप है कि बेटे की हत्या कर दी गई और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है। राजू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। भाई मनोज और अंकित की शादी नही हुई है। राजू के एक छह वर्षीय पुत्री जानवी है।

मोहल्ले की एक महिला से थे राजू के संबंध
परिजनों के मुताबिक मोहल्ले की एक महिला से राजू का प्रेम संबंध चल रहा था। शनिवार रात को भी उस महिला का फोन राजू के मोबाइल पर आया था। इसके बाद से ही राजू घर से गायब था। सोमवार को राजू का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। राजू के कान, नाक और सिर से खून बह रहा था। आशंका है कि राजू की पहले कहीं हत्या की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद शव को गोला बाईपास डंपिंग ग्राउंड के पास डाल कर हत्यारे चले गए।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया। है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही घटना के बारे में अन्य जानकारी भी की जा रही है।
ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: संदिग्ध अवस्था में खेत पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

 

संबंधित समाचार