विधान परिषद चुनाव में 19 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
अब तक कुल 23 नामांकन, पांच सीट के लिए मतदान 30 जनवरी को
लखनऊ। उप्र. में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन की पांच रिक्त सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव में सोमवार को 19 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इस कड़ी में गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह और कानपुर शिक्षक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिवाकर मिश्र ने पर्चे दाखिल किये हैं। कानपुर शिक्षक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से ही सपा की प्रियंका यादव ने भी पर्चा दाखिल किया है। वहीं, बरेली-मुरादाबाद स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विश्वनाथ ने भी सोमवार को पर्चा दाखिल किया।
इनके अलावा गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय डा.विपिन बिहारी शुक्ल, अविनाश प्रताप, सरजू प्रसाद धर दुबे और अखण्ड प्रताप सिंह ने, वहीं, कानपुर स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय नेहा सिंह, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार अहिरवार, ने भी अपना-अपना पर्चा दाखिल किया।
इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय डा.हरिओम बादल,रामकृष्ण शर्मा, अशोक कुमार राठौर, शमरीन बाना और इमरान अहमद और कानपुर शिक्षक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विनोद कुमार, भुवनेश भूषण, हरीश चन्द्र दीक्षित ने भी अपने नामांकन सोमवार को दाखिल किये। ऐसे में रिक्त पांच पदों के लिए अब तक कुल 23 नामांकन हो चुके हैं। 30 जनवरी को मतदान होगा। इससे पूर्व, 12 जनवरी नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख है। 13 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 16 जनवरी नामांकन वापस लिये जा सकेंगे।
ये भी पढ़ें : कोहरे के चलते बेगमपुरा 12, किसान एक्सप्रेस 11 घंटे रही लेट
