Pakistan: बढ़ी मुश्किलें! इमरान खान के खिलाफ EC ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के चुनाव आयोग (EC) ने मंगलवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया है। इमरान खान के अलावा असद उमर, फवाद चौधरी के खिलाफ भी वारंट जारी किया गया है। यह वारंट पाकिस्तान के चुनाव आयोग की चार सदस्यीय पीठ ने जारी किया है।
यह गिरफ्तारी वारंट अवमानना के एक मामले में इमरान खान पर जारी किया गया है। मामले की सुनवाई करते हुए निसार दुरानी की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय बेंच ने फैसला सुनाया। अब मामले की सुनवाई 17 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई है। चुनाव आयोग (EC) ने पिछले साल पीटीआई के शीर्ष नेताओं को मानहानि का नोटिस जारी किया था।
चुनाव आयोग (EC) ने कहा है कि इमरान खान और पीटीआई के बड़े नेताओं ने अपनी रैलियों और मीडिया में चुनाव आयोग और राष्ट्रपति के बारे में बेहद अपमानजनक बातें कही थीं। पीटीआई नेताओं ने आयोग से इस मामले में छूट देने का आग्रह किया था लेकिन चुनाव आयोग (EC) ने उनकी अपील खारिज कर दी। चुनाव आयोग (EC) ने सभी नेताओं को 17 जनवरी को पेश होने का आदेश दिया है।
इससे पहले चुनाव आयोग ने अपना फैसला तीन जनवरी तक के लिए सुरक्षित रख लिया था। पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की बात कही है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'हम फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे और आयोग के खिलाफ मानहानि का केस करेंगे। गिरफ्तारी वारंट जारी करने का चुनाव आयोग का यह फैसला हाईकोर्ट के फैसले की अवमानना है।
ये भी पढ़ें:- श्रीलंका के राष्ट्रपति ने मंत्रालयों को दिया निर्देश, बजट में आवंटित राशि में पांच फीसदी कटौती की जाए
