लेबनान विस्फोट पर बोले ट्रंप- एक भयानक हमला,अमेरिका मदद के लिए तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण विस्फोट को भयानक हमला करार देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। ट्रंप ने मंगलवार शाम को पत्रकारों से कहा, “ यह एक भयानक हमला प्रतीत होता है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका लेबनान के साथ खड़ा हुआ है और …

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण विस्फोट को भयानक हमला करार देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। ट्रंप ने मंगलवार शाम को पत्रकारों से कहा, “ यह एक भयानक हमला प्रतीत होता है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका लेबनान के साथ खड़ा हुआ है और हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा कि बेरूत में हुए भीषण धमाके की जांच के निष्कर्ष का अमेरिका इंतजार कर रहा है। श्री पोम्पियो ने एक वक्तव्य में कहा, “ हम समझते हैं कि लेबनान की सरकार इस धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है। हम जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर तरह से लेबनान की मदद करने के लिए तैयार है।”

अमेरिका ने इस विस्फोट के बाद जहरीली गैसों का रिसाव होने की बात कही है और हादसे के आस-पास रहने वाले लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी करते हुए कहा, “ हम लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए धमाके की रिपोर्ट पर नजर बनाए हुए हैं।

इस विस्फोट के बाद जहरीली गैसों का रिसाव होने की रिपोर्ट सामने आ रही है इसलिए हादसे के आस-पास रहने वाले लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जाती है।” लेबनान की राजधानी बेरूत के पोत पर मंगलवार शाम को हुए एक भीषण विस्फोट में कम से कम 78 लोगों की मौत हो गयी जबकि 4000 से अधिक अन्य लोग घायल हो गये।

डब्ल्यूएचओ ने लेबनान को भेजी चिकित्सा मदद
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने लेबनान में हुए भीषण विस्फोट के बाद उसकी मदद के लिए 500 घायल लोगों के लिए इलाज के लिए चिकित्सा उपकरणों के अलावा दवाईयां और 500 सर्जरी किट भी भेजने की घोषणा की है। डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता इनास हमाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हमाम ने कहा, “ विस्फोट के बाद लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री की ओर से किए गए अनुरोध के आधार पर डब्ल्यूएचओ 500 घायल लोगों के लिए इलाज के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के अलावा दवाईयां और 500 सर्जरी किट भी भेज रहा है।”

लेबनान की राजधानी बेरूत के पोत पर मंगलवार शाम को हुए एक भीषण विस्फोट में कम से कम 63 लोगों की मौत हो गई जबकि 3000 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। इस भीषण धमाके के कारण बेरूत के रफीक हरीरी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने कहा कि संगठन लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अलावा उन अस्पतालों के नियमित संपर्क में है जहां घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा, “ इस धमाके से प्रभावित हुए सभी लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं। लेबनान में मौजूद डब्ल्यूएचओ का मिशन देश में लोगों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना जारी रखेगा।” डब्ल्यूएचओ ने इस धमाके के बीच लेबनान के पड़ोसी देशों से एकजुट होने की अपील की है।

संबंधित समाचार