बरेली: 12 हजार घरों में 8 घंटे गुल रही बिजली, लोग पानी को भी तरसे
बीडीए की टीम ने नकटिया रोड पर लिया शटडाउन
बरेली, अमृत विचार। बीडीए की टीम ने नकटिया रोड पर पेड़ काटने के लिए शटडाउन लिया। इस कारण 13 हजार घरों में 8 घंटे बिजली गुल रही। इस दौरान घरों में लगे इंवर्टर भी डाउन हो गए। उपभोक्ताओं को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। घरों में अंधेरा होने पर लोगों ने मोमबत्ती या दीपक जलाया।
शहर में स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। इस वजह से आए दिन शटडाउन लिया जा रहा है। अधिशासी अभियंता यूसी सोनकर ने बताया कि मंगलवार सुबह बीडीए की टीम ने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे पेड़ों की कटाई के लिए शटडाउन लिया था। जिसके चलते नकटिया उपकेन्द्र से जुड़े इलाकों की बिजली सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बाधित रही। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति सुचारू कर दी गई। वहीं, दिनभर उपभोक्ता परेशानी से जूझते रहे।
सिविल लाइंस इलाके में भी 3 घंटे सप्लाई बाधित
अधिशासी अभियंता आरके पांडेय ने बताया कि सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र से पोषित फीडर बेसू टू और हेड पोस्ट ऑफिस फीडर, स्टेशन रोड, बेसू वन और हेलन रोड सिविल लाइन की आपूर्ति स्मार्ट सिटी के काम के चलते 3 घंटे गुल रही। जिसके चलते रामपुर बाग विद्युत उपकेंद्र से पोषित रामपुर बाग और अग्रसेन फीडर और 33 केवी कुतुबखाना विद्युत उपकेंद्र से पोषित फीडर कोहाड़ापीर, आलमगिरी गंज, मोती पार्क और 33 केवी डीडीपुरम, गांधी उद्यान समेत कई इलाके प्रभावित रहे।
नए ट्रांसफार्मर ने भी दिया दगा
किला उपकेंद्र से बाकरगंज, हुसैन बाग आदि इलाके की सप्लाई जुड़ी है। शनिवार को यहां का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। हजारों घरों की बिजली गुल हो गई थी। रविवार को ट्रांसफार्मर बदलवाया गया, लेकिन अगले दिन वह भी खराब हो गया। जिसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑटो चालक गैस सिलेंडर लेकर फरार, वीडियो सीसीटीवी में कैद
