यूपी से हरी सब्जियों की पहली खेप दुबई के लिए रवाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीन टन भिंडी, एक टन गाजर और 800 किलो मटर फ्लाइट से भेजी गई

लखनऊ प्रदेश से हरी सब्जियों की पहली खेप मंगलवार को दुबई के लिए रवाना की गई। तीन टन भिंडी, एक टन गाजर और 800 किलो मटर फ्लाइट से भेजी गई है। जल्द ही गाजर, मटर व मिर्च का भी निर्यात अरब देशों समेत यूरोप के लिए भी किया जायेगा। राजधानी से हर हफ्ते चार खेप भेजे जाएंगे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने यह जानकारी दी। वह मंगलवार को सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को देश के अन्य राज्यों व विदेशों में बेचकर अच्छा मूल्य दिलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि चार पैक हाउस लखनऊ, सीतापुर, अमरोहा व वाराणसी में तैयार किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-23 में एक लाख 59 हजार 344 मीट्रिक टन (लगभग 161 करोड़ रुपये का) निर्यात किया गया था। इस वर्ष अभी तक 99 हजार 528 मीट्रिक टन का निर्यात किया जा चुका है। इसका मूल्य लगभग 112 करोड़ रुपये है। मंगलवार की खेप इसके अतिरिक्त है।

उन्होंने कहा कि किसान फल व सब्जियों का गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कर रहे हैं, जो अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार है। इसलिए शीघ्र ही प्रदेश से निर्यात की मात्रा बढ़ेगी। आगामी दिनों में वाराणसी से भी यूरोप के लिए सब्जियों का निर्यात किये जाने की तैयारी है। इसके लिए वाराणसी में गुणवत्ता प्रयोगशाला शीघ्र शुरू हो जायेगी। इस अवसर पर उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण फल, सब्जियों के निर्यात में रुचि रखने वाले कृषकों को विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। निर्यात से किसानों की आय में वृद्धि होगी।

माहू के प्रकोप की आशंका, अफसरों को निगरानी के निर्देश

कृषि मंत्री ने बताया कि तापमान में गिरावट एवं आपेक्षिक आर्द्धता में वृद्धि के कारण आलू की फसल में अगेती व पछेती झुलसा और राई-सरसों में माहू के प्रकोप की आशंका बढ़ गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे फसलों की नियमित निगरानी के साथ कृषकों को रोगों व कीटों और उनके नियंत्रण के संबंध में जागरूक करें। साथ ही, कृषि रक्षा रसायनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करायें।

ये भी पढ़ें : लखनऊ : धीमी ही सही, कसने लगा पूर्व मंत्री पर भी शिकंजा

संबंधित समाचार