भारत जोड़ो यात्रा : पंजाब में राहुल गांधी ने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था, कहा- बहुत कुछ सीखने को मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगढ़ साहिब (पंजाब)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले बुधवार सुबह गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब में मत्था टेका। इस दौरान राहुल गांधी पगड़ी पहने और आधी बाजू की टी-शर्ट पहने नजर आए। गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने अंबाला जिले में यात्रा के हरियाणा चरण के समापन के बाद मंगलवार को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में भी मत्था टेका था। वह मंगलवार शाम फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद पहुंचे और रात को वहीं रुके। कड़ाके की सर्दी के बीच बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता यात्रा के लिए यहां एकत्र हुए थे। 

यात्रा के पंजाब-चरण के कार्यक्रम के अनुसार, यह फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद से शुरू होगी और मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना, साहनेवाल, लुधियाना, गोराया, फगवाड़ा, जालंधर, दसुआ और मुकेरियां से होकर गुजरेगी। यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले 19 जनवरी को पठानकोट में पार्टी की एक रैली होगी। गांधी सुबह और शाम तीन-तीन घंटे पैदल चलकर 25 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। 

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा 30 जनवरी तक श्रीनगर में पहुंचने पर समाप्त होगी, जहां गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होकर गुजर चुकी है।

राहुल गांधी ने यात्रा का पंजाब चरण शुरू करने से पहले कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से बहुत कुछ सीखने को मिला। किसानों, दुकानदारों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं से बात की। 

राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश में भय और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि भारत भाईचारे, एकता तथा सम्मान के भाव में यकीन रखता है, और यही कारण है कि भारत जोड़ो यात्रा सफल हो रही है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के पंजाब चरण की शुरुआत से पहले यहां सरहिंद में लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

राहुल ने कहा, देश में नफरत का माहौल बना दिया गया है। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोग देश को बांट रहे हैं। ये लोग एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ, एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ, एक भाषा को दूसरी भाषा के खिलाफ खड़ा करने का काम कर रहे हैं। ....और इन्होंने देश का माहौल खराब कर दिया है। इसलिए हमने सोचा कि देश को एक और रास्ता दिखाने की जरूरत है, जो प्रेम, एकता और भाईचारे का हो, इसलिए हमने यह यात्रा शुरू की है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को जबरदस्त जन समर्थन और प्रतिक्रिया मिली है और यह एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के साथ और भी बेहतर हुई है। राहुल ने कहा, इसकी एक वजह है--जो नफरत, डर और हिंसा भाजपा के लोगों द्वारा फैलाई जा रही है, यह न तो देश की रीत है, और न ही हमारा ऐसा इतिहास रहा है। यह देश भाईचारे, एकता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना में विश्वास रखने वाला देश है। और इसीलिए यह यात्रा सफल हो रही है। 



ये भी पढ़ें : पंजाब: 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू करने से पहले स्वर्ण मंदिर पहुंचे राहुल गांधी

संबंधित समाचार