मुरादाबाद : रणजी के रण में चमक बिखेर रहे शहर के खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतिभा...शिवा सिंह, आर्यन जुयाल और शिवम शर्मा यूपी की रणजी टीम में दिख रहे जलवा़, शिवम को अंतिम एकादस में नहीं मिली जगह

शिवम शर्मा-शिवा सिंह

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो बार की वर्ल्ड चैम्पियन टीम के हिस्सा रहे पीयूष चावला और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की तरह ही शहर के तीन खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाने के लिए कमर कस ली है। ये तीनों खिलाड़ी इस समय रणजी ट्रॉफी में यूपी टीम का हिस्सा हैं। इनमें विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुआल, बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज शिवा सिंह और शिवम शर्मा शामिल हैं। तीनों यूपी को रणजी ट्रॉफी जिताने का दम दिखा रहे हैं। मंगलवार को रणजी ट्रॉफी में उप्र और उत्तराखंड के बीच मैच शुरु हुआ। इसमें शिवा सिंह और आर्यन जुयाल टीम का हिस्सा है। हालांकि शिवम शर्मा को अंतिम एकादस में जगह नहीं मिली।

विकेट कीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं आर्यन  
आर्यन जुयाल ने 11 फरवरी 2018 को 2017-18 विजय हजारे ट्रॉफी में उप्र के लिए प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की। आर्यन विकेट कीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं। वह 2018 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप भारतीय टीम के हिस्सा रहे। उन्होंने न्यूजीलैंड के क्राइस्ट चर्च में 2018 अंडर -19 क्रिकेट विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इस बार आर्यन को मुंबई ने रिलीज किया है। अब तक खेले 14 टी-20 मैच में इन्होंने 35.6 की औसत से 285 रन बनाए हैं। इसमें स्ट्राइक रेट 121.3 का रहा।

अंडर-19 विश्व विजेता टीम के हिस्सा रहे शिवा सिंह
शिवा सिंह उप्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। वह बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज हैं। वह पृथ्वी शॉ की कप्तानी में 2018 में भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे। 2018 अंडर-19 विश्व कप में शिवा ने 6 मुकाबले खेले थे। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 3.23 रहा था। 23 साल के शिवा सिंह ने 2018-19 में यूपी के लिए लिस्ट-ए-पदार्पण किया था। वह टी-20 में यूपी के लिए 15 मैच खेल चुके हैं। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में शिवा सिंह की गेंदबाजी पर गायकवाड़ ने एक ओवर में सात छक्के लगाए। उन्होंने इस ओवर में एक नो बॉल मिलाकर कुल सात गेंद फेंकी। इसमें सभी गेंदों पर गायकवाड़ ने छक्के लगाए। इस ओवर में गायकवाड़ ने कुल 43 रन बनाए। 

दूसरी बार यूपी की ओर से खेलेंगे शिवम शर्मा
शिवम शर्मा का यूपी टीम में लगातार दूसरी बार रणजी ट्राफी के लिए चयन हुआ है। शिवम ने 2020 में बिहार के खिलाफ 10 ओवर में 31 रन देकर 7 विकेट और उड़ीसा के खिलाफ 6 विकेट लेने का रिकार्ड अपने नाम किया था। शिवम ने लिस्ट-ए में 2021 में उप्र के लिए विजय हजारे ट्राफी में पदार्पण किया। वहीं टी 20 में चार नवंबर 2021 को सय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पदार्पण किया। वह बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज व बल्लेबाज हैं। शिवम ने अभी तक खेले छह प्रथम श्रेणी मैच में 18 विकेट लिए हैं, जबकि 22.5 की औसत से 90 रन बनाए हैं।  मंगलवार से उप्र और उत्तराखंड के बीच रणजी मैच खेला जा रहा है। इसमें शिवम को अंतिम एकादस से बाहर रखा गया है।

ये भी पढ़ें :  Ind Vs SL 1st ODI: कोहली का शतक, भारत ने पहले वनडे में श्रीलंका को 67 रन से हराया

संबंधित समाचार