Ranji Trophy : पृथ्वी शॉ ने रणजी में जड़ा पहला तिहरा शतक, तोड़ा संजय मांजरेकर का रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुवाहाटी। मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी करियर में अपना तिहरा शतक जड़कर नए साल का धमाकेदार आगाज कर दिया है। पृथ्वी शॉने 383 बॉल पर 379 रन की पारी खेली। पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी के इतिहास में मुंबई की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

संजय मांजरेकर का रिकॉर्ड तोड़ा
इसी के साथ पृथ्वी शॉ भारतीय फर्स्ट क्लास और रणजी के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने संजय मांजरेकर का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 1991 में मुंबई (तब बंबई) के लिए हैदराबाद के खिलाफ 377 रन बनाए थे। बता दें कि फर्स्ट क्लास और रणजी के इतिहास में 400 रन बनाने का रिकॉर्ड एक बार ही बना है। यह रिकॉर्ड महाराष्ट्र के ही बीबी निम्बालकर ने बनाया था। उन्होंने 1948 के सीजन में महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रनों की पारी खेली थी। वहीं  पृथ्वी शॉ  त्रिपुरा के समित गोहेल का भी रिकॉर्ड तोड़ा। गोहेल ने 2016 में 359 रन की नाबाद पारी खेली थी।

अजिंक्य रहाणे ने भी जड़ा शतक
वहीं, दूसरी तरफ टीम इंडिया से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे ने भी शतक पूरा कर लिया है। रहाणे ने 195 गेंदों में 8 चौकों और 51.27 के स्ट्राइक रेट के साथ शतक पूरा किया। पृथ्वी शॉ और अंजिक्य रहाणे की शानदार पारियों के दम पर मुंबई ने 500 रन का स्कोर पार कर लिया है। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में रहाणे इससे पहले हैदराबाद के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें :  भारत में जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की क्या है योजना? डॉक्यूमेंट्री में होगा रणनीतियों का खुलासा 

संबंधित समाचार