Hamirpur News: शार्ट सर्किट से लगी आग में मां व दो बेटियों की जलकर मौत, घटना से ग्रामीण स्तब्ध
हमीरपुर। जिले के थाना कुरारा के जल्ला गांव में बुधवार रात हीटर के शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग लगने से उसके अंदर सो रही महिला व उसकी दो बेटियों की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर डीएम डॉ. चंद्रभूषण व पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जल्ला निवासी राजू पाल दिल्ली में रहकर किसी प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। जबकि उसका पिता ब्रह्मादीन अपनी पत्नी दो अविवाहित बेटों पप्पू और अनूप के साथ दो मकान छोड़कर दूर रहता है। राजू के घर करीब 15 दिन पूर्व उसका साला रामप्रकाश निवासी भवानी पतारा जनपद बांदा बहन अनीता को मकर संक्रांति पर लेने आया था, आज उनके जाने की तैयारी थी।
रामप्रकाश दूसरे कमरे में सोया था। रात में मृतका का भाई कमरे में ताला लगाने के साथ बहन के कमरे के बाहर की कुंडी लगा कर कहीं निकल गया। गुरुवार को उसे बहन अनीता को लेकर गांव जाना था।
इधर हीटर के शार्ट सर्किट से आग लग गई। अंदर सो रही उसकी बहन अनीता, भांजी मोहिनी (6) और रोहिणी (3) के कपड़ों के जलने पर आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। रात में उठ रहे धुंआ को बगल में रहने वाले मृतका के चचिया ससुर रामऔतार पाल ने देखकर शोर मचाया तब कहीं लोगों को घटना की जानकारी हो सकी।
घटना की सूचना पर डीएम डा चंद्रभूषण व पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल पहुंचे। रात में ही तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। उधर मृतका का पति राजू पाल दिल्ली से आ रहा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरा स्तब्ध है। वहीं मृतका के भाई के अचानक लापता हो जाने पर लोग उंगली उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-हमीरपुर हादसा: Bundelkhand Expressway पर ट्रक से टकराकर कार में लगी, तीन जिंदा जले
