हरदोई: रिश्तेदारी की आड़ में की गई ढाई लाख की ठगी
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच-पड़ताल
हरदोई, अमृत विचार। भतीजी की शादी की तय हो जाने के बाद रिश्तेदारी का हवाला देते हुए मदद के लिए उधार के तौर पर ढ़ाई लाख रुपये ले लिए और उसके बाद वापस नहीं लौटाए। काफी मिन्नतों के बाद जब रुपये नहीं दिए गए तो पुलिस को तहरीर देते हुए इस तरह ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बताया गया है कि कोतवाली शहर के नटवीर पुलिया नबीपुरवा की रमाकांती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके भाई की बेटी आकांक्षा उसी के पास रह कर पढ़ाई करती थी। उसके बाद वह लखनऊ में स्टाफ नर्स की ट्रेनिंग के बाद 2019 से नौकरी कर रही है। उसके साथ लखनऊ के मलिहाबाद थाने के गांव कुसमरी की अर्चना भी नौकरी करती है। उन दोनों में दोस्ती हो गई, अर्चना कई बार उसके घर आई। उस दौरान उसने अपने चचेरे भाई के साथ आकांक्षा की शादी की बात चलाई। जिसके चलते दोनों के यहां आना-जाना हो गया।
उसी बीच रमाकांती को गाज़ीपुर ज़िले के थाना साद के मोहल्ला डहरवा उर्फ कौदा दडवल की रहने वाली यशोदा देवी पत्नी केशव प्रसाद यादव से उसकी मुलाकात हुई। रिश्तेदारी का हवाला देते हुए यशोदा ने रमाकांती से मदद के नाम पर ढ़ाई लाख रुपये बतौर उधार मांगें और जल्दी लौटाने का वादा किया। 2 फरवरी 2021 को रमाकांती ने यशोदा के खाते में ढाई लाख रुपये ट्रांसफर करा दिए। लेकिन जब कई महीने बाद उसने रुपये वापस मांगे तो पहले टाल-मटोल करती रही, उसके बाद देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने रमाकांती की तहरीर पर यशोदा देवी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - हरदोई: कमरे में अंगीठी जलाकर सोया युवक मिला मृत, दम घुटने से हुई मौत
