अयोध्या : पैर में फ्रैक्चर, चला रहा था ट्रैक्टर, आरटीओ दंग
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत चेकिंग के दौरान दिखा नजारा
अयोध्या। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ वाहनों की चेकिंग की कार्रवाई भी चल रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान का निरीक्षण करने निकली संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ऋतु सिंह को बिना रिफ्लेक्टर लगे ट्रैक्टर दिखने पर उन्होंने तत्काल सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और पीटीओ को तलब कर लिया तथा बिना रिफ्लेक्टर और बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों के चालान करवाये।
इस दौरान गलत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाने पर अधिकारियों के आश्चर्य का ठिकाना न रहा जब अधिकारियों ने पाया कि चालक का एक पैर फ्रैक्चर होने के बावजूद वह गाड़ी चला रहा था। ऋतु सिंह ने उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ प्रवर्तन प्रवीण कुमार सिंह ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि परिवहन विभाग द्वारा वर्ष भर चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई की जाती है। हेलमेट सुरक्षा का वो ताज है जो सिर को सुरक्षित रखता है।
ये भी पढ़ें : अयोध्या : अगले साल मकर संक्रांति पर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान रहेगा अद्भुत संयोग
