लखनऊ : अंकों को अपलोड करने में लापरवाही बरतने वाले संस्थानों पर एकेटीयू लगाएगा जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एकेटीयू से संबद्ध कई संस्थान विद्यार्थियों के सेशनल और प्रैक्टिकल अंकों को अपलोड करने में कर रहे लापरवाही

लखनऊ डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध संस्थानों को विद्यार्थियों के सेशनल व प्रैक्टिकल के अंकों को समय से विवि के ईआरपी पर अपलोड न करना भारी पड़ेगा। इसके लिए एकेटीयू 50 हजार तक का जुर्माना संबंधित संस्थान से वसूल करेगा।

एकेटीयू के प्रवक्ता डॉ. पवन त्रिपाठी ने बताया कि कतिपय संस्थान सेशनल व प्रैक्टिकल अंक एकेटीयू के ईआरपी पर अपलोड करने में लापरवाही करते हैं। जिसकी वजह से परिणाम घोषित करने सहित कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लिहाजा अब एकेटीयू ऐसे संस्थानों पर जुर्माना लगाएगा। यह जुर्माना किसी एक छात्र का एक विषय का सेशनल न जमा करने पर एक हजार रुपये होगा। वहीं पूरे कक्षा के एक विषय हेतु यह जुर्माना 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, इसके अलावा अधिकतम जुर्माने की राशि 50 हजार रुपये तक वसूली की जा सकती है। संस्थानों को यह राशि ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके अलावा किन्हीं तकनीकी कारणों की वजह से यदि अंक अपलोड करने में दिक्कत आती है तो ऐसी स्थित में जुर्माने की राशि माफ कर दी जाएगी।

15 तक अपलोड करने का मौका

एकेटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो.एचके पालीवाल ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2021-22 के विषम एवं सम सेमेस्टर (स्नातक व परास्नातक) परीक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों के ऐसे छात्र-छात्राएं जिसके सेशनल, प्रैक्टिकल व प्रॉजेक्ट अंक संस्थानों द्वारा समय से ईआरपी पर अपलोड नहीं किए जा सके है, उन्हें 30 दिसंबर तक ईआरपी पर अपलोड किए जाने का अवसर दिया गया था। परंतु कतिपय संस्थानों द्वारा अभी भी छात्र-छात्राओं के अंक निर्धारित समय तक अपलोड नहीं कराए जा सके हैं। ऐसे में संस्थानों द्वारा विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए अंकों को अपलोड करने के लिए ईआरपी पोर्टल खोले जाने का अनुरोध किया गया है। लिहाजा एकेटीयू की ओर से एक बार फिर से पोर्टल खोल दिया गया है। संस्थान 15 जनवरी शाम चार बजे तक अंकों को अपलोड करा सकेंगे। इसके अलावा हार्ड कॉपी भी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के कार्यालय में जमा करानी होगी।

ये भी पढ़ें : लखनऊ : 150 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को नहीं मिला वेतन, कारण जान कर हैरान रह जाएंगे

संबंधित समाचार