मेरठ: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर, डकैती की घटना में था वांछित
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ में एक गैंग के सरगना हिस्ट्रीशीटर साजन उर्फ कल्लू को पुलिस ने गुरुवार देर शाम मुठभेड़ में मार गिराया। मृतक हिस्ट्रीशीटर पर 50 हजार का इनामी घोषित था।
गंगानगर में हुई डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर साजन उर्फ कल्लू की गुरुवार को पुलिस के साथ कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी फायरिंग में साजन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी पीयूष कुमार ने बताया कि मृतक साजन पर 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। साजन गंगानगर में एक डकैती के मामले में वांछित चला आ रहा था। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। साथ ही वह एक गैंग का सरगना था। उन्होंने बताया कि उसके अन्य साथियों की तलाश में कांबिंग की जा रही है। जल्द ही अन्य साथियों को दबिश देकर पकड़ा जाएगा।
