बरेली: गजक की मिठास के साथ नवदंपति मनाएंगे लोहड़ी की खुशियां
भांगड़ा व गिद्दा को लेकर हैं उत्साहित, दिखेगी रौनक
बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार को लोहड़ी पर्व मनाने के लिए पंजाबी समाज के लोग उत्साहित हैं। नवदंपतियों की ओर से पहली लोहड़ी को धूमधाम से मचाने के लिए खास तैयारियां की गई हैं। लोहड़ी के दिन नवदंपति ढोल और डीजे की थाप पर नृत्य करने के साथ ही परिवार के संग खुशियां मनाएंगे। पंजाबी समाज के लोगों के अनुसार इस दिन मायके से आए शगुन व ससुराल में रेवड़ी, मूंगफली का प्रसाद रात की रौनक में चार चांद लगाएगा।
पंजाबी थीम पर मनाया जाएगा जश्न
राजेंद्र नगर निवासी संजोग व साहिबा की यह पहली लोहड़ी है। उन्होंने बताया कि वह इसको लेकर बेहद उत्साहित हैं। लोहड़ी के जश्न को यादगार बनाने के लिए पंजाबी थीम पर पार्टी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी पंजाबी परिधानों में ही शिरकत करेंगे। शाम को परिजन व दोस्तों के साथ पंजाबी लोकगीत पर झूमेंगे।
भांगड़ा व गिद्दा के लिए महीने भर से कर रहे तैयारी
बिहारीपुर निवासी अशोक भसीन व पलक भसीन ने बताया कि पहली लोहड़ी के लिए बहुत दिनों से प्लानिंग कर रखी है। परिवार के सभी सदस्यों के साथ ही रिश्तेदार, दोस्तों को भी निमंत्रण दिया गया है। भांगड़ा व गिद्दा के लिए महीने भर से तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, आसपास में प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
रसोई में लगेगा पंजाबी तड़का
प्रेमनगर निवासी राहुल व श्रुति कालरा ने बताया कि पहली लोहड़ी को लेकर दोनों ही बहुत उत्साहित हैं। त्योहार पर रसोई में पकवान बनाए जाएंगे। जिसमें मक्के की रोटी व सरसों का साग दोनों का ही पसंदीदा व्यंजन है। वहीं, शाम को परिवार के सदस्यों के साथ लोकगीत व लोक कहानियां सुनेंगे।
बड़ों के आशीर्वाद से बढ़कर कुछ नहीं
मॉडल टाउन के रहने वाले पुनीत चांदना व प्रियंका गांधी ने बताया कि परंपरागत तौर पर होने वाली सभी रस्मों को निभाएंगे। वहीं, लोहड़ी पर बड़ों के आशीर्वाद से बढ़कर और कुछ नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि देर शाम को डीजे पर भांगड़ा व गिद्दा के साथ लोहड़ी को यादगार बनाएंगे।
ये भी पढ़ें- बरेली: किडनी निकालने के आरोपी डाॅक्टर के विरुद्ध सेशन कोर्ट में रिवीजन मंजूर
