अयोध्या: मजिस्ट्रेटी जांच और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर सपा ने सौंपा ज्ञापन, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी ई-रिक्शा चालक कफील की कथित पुलिस हिरासत में मौत को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की महानगर कमेटी ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सहायक उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर निमृत कौर को सौंपा। ज्ञापन में मृतक कफील मामले की मजिस्ट्रेटी जांच और पीड़ित परिवार को  50 लाख रुपये के आर्थिक मदद की मांग है।

वहीं बीकापुर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी रहे फिरोज खान गब्बर ने पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय के साथ पीड़ित के घर पहुंच परिवार को आर्थिक मदद सौंपी तथा कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की। महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव व महासचिव हामिद जाफर मीसम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपने के बाद कहा कि प्रकरण में स्थानीय दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र 11 जनवरी को नगर कोतवाली में दिया गया था। लेकिन पुलिस ने न तो केस दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की।

मृतक की पत्नी सीधा आरोप लगा रही हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। पीड़ित परिवार में कफील ही ई-रिक्शा चलाकर पूरे परिवार का भरण पोषण करता था। अब दो छोटे-छोटे बच्चों के भरण-पोषण का जिम्मा उसकी पत्नी के मत्थे है। ऐसे में पत्नी गुड़िया को जीवन यापन करने के लिए पचास लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाए एवं जान माल की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।

महानगर प्रवक्ता राकेश यादव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव, एजाज अहमद, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष  जय शंकर पांडे, राम अचल यादव, मो. हलीम पप्पू, मनोज जायसवाल,  सरोज यादव, अपर्णा जायसवाल, प्रदीप चौबे, एड अखिलेश  पांडे, एड शावेज जाफरी आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बीमारी से तंग साकेत कॉलेज के छात्र ने किया सुसाइड

संबंधित समाचार