Kanpur में महानिदेशक के आदेश की कॉपी पहुंची, सुबह 9 बजे के बाद छुट्टी नहीं ले सकेंगे गुरुजी
कानपुर में महानिदेशक के आदेश की कॉपी पहुंची।
कानपुर में महानिदेशक के आदेश की कॉपी पहुंची। अब गुरुजी सुबह 9 बजे के बाद छुट्टी नहीं ले सकेंगे। कई शिकायतों के बाद फैसला लिया गया।
कानपुर, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को अब छुट्टी सुबह 9 बजे से पहले लेनी होगी। इसके बाद पोर्टल छुट्टी को अप्रूव्ड नहीं करेगा। महानिदेशक शिक्षा विजय किरन आनंद के द्वारा जारी आदेश की कॉपी गुरुवार को बीएसए के ऑफिस पहुंची तो शिक्षकों में कोतुहल मच गया है।
महानगर क्षेत्र में चार ब्लॉक आते हैं जिसमें प्राथमिक विद्यालय में 261 और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 54 शिक्षक तैनात हैं। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र के 10 ब्लॉक हैं जिसमें प्राथमिक विद्यालय में 1336 शिक्षक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 575 शिक्षक तैनात हैं। शिक्षकों को अवकाश के लिए एम स्थापना एप और मानव संपदा वेबसाइट पर आनलाइन ही आवेदन करना होता है। यह आवेदन अवकाश तिथि में किसी भी समय किया जा सकता था।
इसमें कई बार शिक्षक खेल कर जाते थे। विद्यालय पहुंचने में लेटलतीफ होने पर मध्यावकाश व छुट्टी होने के पहले ही अवकाश ले लिया जाता था। कई बार तो बगल के स्कूलों में अधिकारी निरीक्षण को पहुंचते हैं तो उसकी जानकारी दूसरे स्कूल को हो जाती है।
वहां पर यदि कोई शिक्षक नहीं आया है तो उसे सूचना देकर आनलाइन छुट्टी के लिए आवेदन करा दिया जाता है। इन सबसे बचने के लिए महानिदेशक ने अवकाश तिथि में अब सुबह नौ बजे के पहले ही छुट्टी का आवेदन करने का आदेश जारी कर दिया है । इससे अवकाश लेने में अब और पारदर्शिता आएगी।
बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि महानिदेशक की ओर से छुट्टी देने के नए नियम संबंधित आदेश आया है। जिसे खंड शिक्षा अधिकारियों को अवगत करा दिया गया हैं। अब इसी नियम ये शिक्षकों की छुट्टी अप्रूव्ड होगी।
