शाहजहांपुर: राममयी हुआ पूरा शहर, घर-घर, मंदिर-मंदिर जले दीप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। उधर अयोध्या में भूमि पूजन हो रहा था, तो यहां शहर पूरी तरह से राममयी था। घर-घर, मंदिर-मंदिर दीप जलाए जा रहे थे। दिवाली सा माहौल नजर आ रहा था। वहीं सोशल मीडिया पर भी रामभक्तों का उत्साह नजर आ रहा था। कहीं पटाखे छोड़े जा रहे थे, तो कहीं मिठाई बांटी जा …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। उधर अयोध्या में भूमि पूजन हो रहा था, तो यहां शहर पूरी तरह से राममयी था। घर-घर, मंदिर-मंदिर दीप जलाए जा रहे थे। दिवाली सा माहौल नजर आ रहा था। वहीं सोशल मीडिया पर भी रामभक्तों का उत्साह नजर आ रहा था। कहीं पटाखे छोड़े जा रहे थे, तो कहीं मिठाई बांटी जा रही थीं, पूरे दिन ऐसा ही माहौल दिखाई देता रहा। शाम होते ही शहर का माहौल दिवाली जैसा हो गया।

बुधवार को राम भक्तों के चेहरों पर अजीब चमक दिखाई दे रही थी। शहर के मंदिरों को मंगलवार शाम से ही सजा दिया गया था। तमाम लोगों ने भूमि पूजन की संध्या पर ही दीप जलाकर माहौल को दिवाली जैसा कर दिया था। बुधवार को भूमि पूजन पर और भी उत्साह के साथ रामभक्तों ने खुशी का इजहार किया। मानव कल्याण वेलफेयर सोसाइटी ने शहर के मोहल्ला हयातपुरा में 21 सौ दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। सेहरामऊ दक्षिणी में कालिका देवी मंदिर में 11 सौ दीप जलाए गए, वहीं हनुमतधाम पर 21 सौ दीप जलाए गए। इस दौरान मंदिरों को बिजली की झालरों से सजाया गया था।

डीएम, एसपी हनुमतधाम पर की पूजा अर्चना
हनुमतधाम मन्दिर पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी एस आनंद ने पूजा अर्चना की। मंदिर को अयोध्या की तर्ज पर रंग बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया था। मंदिर को चारों ओर से भगवा रंग से सराबोर कर दिया गया। रामभक्त उत्साह के साथ ढोल की थापों पर भगवान राम की जय जयकार कर रहे थे। इसी बीच दोपहर डीएम-एसपी हनुमंतधाम मंदिर पहुंचे, यहां दोनों अधिकारियों ने भगवान श्रीराम दरबार के सामने खड़े होकर भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की। दोनों अधिकारियों सभी से अपील करते हुए कहा कि निःसंदेह आज का दिन रामभक्तों के लिए उल्लास और उत्साह का दिन है, फिर भी भूमि पूजन के उत्साह को शान्ति पूर्वक मनाए।

मुमुक्षु आश्रम में हुआ सुंदरकांड का पाठ, वितरित किया गया मिष्ठान
अयोध्या में रामजन्म भूमि पूजन के साथ ही मुमुक्षु आश्रम में भी उत्सव सा माहौल था। आश्रम में सुंदरकांड का पाठ और संकीर्तन शुरू किया गया। मुख्य यजमान के रूप में आश्रम के अधिष्ठाता पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि भूमि पूजन का कुछ लोगों द्वारा जो विरोध हो रहा है, उन्हें इतिहास का जरा भी ज्ञान नहीं है। दरअसल 492 वर्ष पूर्व 1528 ईस्वी में पांच अगस्त के दिन ही मीर बाकी द्वारा बाबरी मस्जिद के निर्माण हेतु राम मंदिर को तोड़ा गया था। डॉ. संदीप अवस्थी व डॉ. आलोक कुमार सिंह के संयोजन में हुए इस आयोजन के बाद आश्रम गेट पर मिष्ठान वितरण किया गया। मंत्रोच्चार तथा पूजन का कार्य पण्डित संतेंद्र पाठक व चंदन गिरी ने कराया। इस अवसर डॉ. प्रकाश डबराल, चन्द्रभान, इशपल सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुमित, डॉ. अखिलेश तिवारी, रमलखन सिंह आदि लोग सामाजिक दूरी के नियमो के साथ मौजूद रहे। बता दें कि राममंदिर आंदोलन का ताना-बाना यहीं मुुमुक्षु आश्रम में बुना गया था, जिसे धार दी गई थी मुजफ्फरनगर के हिंदू महासम्मेलन में।

भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास पर खुशी में झूमे कार्यकर्ता, किया पूजन-अर्चन
अयोध्या में राम मंदिर पूजन की खुशी का असर भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा के आवास पर भी दिखाई दिया। यहां भगवान राम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आरती उतार कर पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ता आतिशबाजी और ढोल नगाड़ों के साथ जमकर झूमे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज अयोध्या नगरी से एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। देश राम राज्य की ओर बढ़ेगा। देश उन सभी राम भक्तो को शत शत नमन करता है जिन्होंने इस दिन के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस अवसर पर जिला मंत्री सौरभ सोमवंशी, नमित दीक्षित, बजरंग दल से राजेश अवस्थी, गोविंद, विपिन यादव, सुशील सक्सेना, हरीश प्रजापति, शिल्पी गुप्ता, आशीष गुप्ता, संजीव राठौर, अनुज शर्मा, नवेंदु, प्रमुदित मिश्रा, कुशल सक्सेना, प्रशांत दीक्षित, अनुज वर्मा, विनायक कपूर आदि लोग उपस्थित रहे।

वकीलों ने भी मनाई खुशी
अधिवक्ता परिषद ने भी अयोध्या में भूमि पूजन के अवसर पर साथी अधिवक्ताओं को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र सक्सेना, जितेंद्र गुप्ता, रवि मिश्रा, सत्येंद्र शुक्ला, राजपाल सिंह, उमेश चंद्र सिंह, भावशील शुक्ला, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह बजाज, ओम सिंह, मनोज पांडेय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री खन्ना के राजभवन में भगवान राम की हुई पूजा
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के राजभवन स्थित कैंप कार्यालय पर भी भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए। अयोध्या में भूमि पूजन पर खुशी का इजहार करते हुए भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की और मिठाईयां बांटी। इस मौके पर गोपाल कृष्ण बिन्नू, अनूप सिंह, मुकेश राठौर, छंगेलाल, विनोद कुमार, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र गुरू, अरूण राठौर, रमेश यादव आदि लोग मौजूद रहे।

जिले की सीमा पर की गई थी बैरिकेडिंग
एसपी एस आनंद ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। जनपद की सीमा पर बैरिकेडिंग करके नाकाबंदी करके संदिग्ध लोगों की तलाशी लेकर ही उन्हें आगे जाने दिया गया। मंदिरों आदि स्थानों पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।

संबंधित समाचार