Makar Sankranti 2023: ठंड पर भारी पड़ी श्रद्धालुओं की आस्था, स्नान के लिए गंगा घाटों पर उमड़ी लाखों लोगों की भीड़
Makar Sankranti 2023: मकर संक्रांति का महापर्व आज (15 जनवरी) देशभर में पूरे आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचे। गंगा स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा की और दान-पुण्य किया। मकर संक्रांति के दिन पूरे देश में पतंग उड़ाई जाती है, इसलिए इस दिन को पतंग पर्व भी कहा जाता है। संक्रांति पर पतंग उड़ाने का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व है।
पटना, इलाहाबाद, बनारस, हरिद्वार हर जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और श्रद्धा में कोई कमी नहीं देखी गई। हर जगह भक्तों का तांता लगा रहा। बता दें कि आज के बाद सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। इस दिन भगवान सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं।
काले तिल से सूर्य और शनि को करें प्रसन्न
मकर संक्रांति के दिन काले तिल का दान, स्नान में उपयोग और इसका सेवन करने की परंपरा है। इस दिन काले तिल के उपयोग से सूर्य और शनि दोनों प्रसन्न होते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य देव जब शनि देव और अपनी पत्नी छाया से मिलने उनके घर गए थे, तो शनि देव ने उनका स्वागत काले तिल से ही किया था। अपने इस स्वागत से सूर्य देव बेहद प्रसन्न हुए थे जिसके बाद उन्होंने शनि को धन-धान्य का आशीर्वाद दिया था। तभी से मकर संक्रांति की पूजा और दान में तिल का उपयोग किया जाता. इससे शनि देव और सूर्य देव दोनों प्रसन्न रहते हैं।
ये भी पढ़ें- भवाली: कुमाऊं में आज मनाया जाएगा लोक पर्व घुघुती त्यौहार
