प्रदर्शन के दौरान मेरे और मेरे परिवार के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल से व्यथित हूं: CM Shivraj
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि वह हाल ही में भोपाल में करणी सेना के एक धरने के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा उनके एवं उनके परिवार के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर व्यथित हैं। उक्त प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री चौहान के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी करने के आरोप में करणी सेना के 30 वर्षीय कार्यकर्ता ओकेंद्र राणा को बृहस्पतिवार को हरियाणा के भिवानी जिले स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में बाइक सवारों ने एक युवक को मारी गोली, फिर लूट लिए पांच लाख रुपये
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 353 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। चौहान ने ट्वीट किया, पिछले दिनों एक आंदोलन के दौरान अभद्र भाषा का उपयोग किया गया था। मुख्यमंत्री की आलोचना का अधिकार है लेकिन जिस मां का स्वर्गवास वर्षो पहले मेरे बचपन में ही हो गया था, उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल अंतरात्मा को व्यथित कर गया।
उन्होंने कहा, इस मामले में क्षमा मांगी गई है। मैं भी अपनी मां से प्रार्थना करता हूं कि वह जहां भी हो अपने इन बच्चों को क्षमा करें और मेरे मन में भी अब उनके लिए कोई गिला-शिकवा नहीं है। आप सब अपने हैं और अपना भी कोई गलती कर दे तो उसको अपने से अलग नहीं किया जा सकता। मैं सबसे स्नेह करता हूं। सबके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हूं और समाज के सभी वर्गों के विकास का काम किया है और आगे भी करता रहूंगा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें इस सप्ताह की शुरूआत में भोपाल में करणी सेना के धरने के दौरान एक युवक मुख्यमंत्री चौहान के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुनाई दे रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया था कि आरोपी की पहचान ओकेंद्र राणा (30) के रूप में हुई है, जिसे बृहस्पतिवार को हरियाणा के भिवानी जिले में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। मालूम हो कि ‘करणी सेना परिवार’ ने अपनी 21 सूत्री मांग को लेकर भोपाल में आठ जनवरी से 11 जनवरी तक आंदोलन किया था। इन मांगों में आरक्षण का आधार आर्थिक करना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगाना और महंगाई पर रोक लगाना शामिल था।
ये भी पढ़ें- तेलंगाना में 34 रेलवे स्टेशनों का शीघ्र पुनर्विकास किया जाएगा: अश्विनी वैष्णव
