आजमगढ़: तटबंध टूटने से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न, मुश्किल में किसान
आजमगढ़, अमृत विचार। जिले के शाहखजुरा गांव से गुजरी शारदा सहायक खंड 32 नहर का तटबंध शनिवार रात टूट गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। सूचना पर एडीएम प्रशासन अनिल मिश्रा पहुंचे और मौके का जायजा लिया। समय रहते सिंचाई विभाग ने तटबंध को ठीक कर दिया जिससे किसानों ने राहत की सांस ली।
वर्तमान समय में फसलों की सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया है। पानी का बहाव भी काफी तेज है। शनिवार देर रात विकास खंड रानी की सराय क्षेत्र के शाहखजुरा गांव से होकर गुजरी शारदा सहायक खंड-32 नहर का तटबंध टूट गया। सुबह जब किसानों की नींद खुली तो खेतों में पानी ही पानी नजर आ रहा था। इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी। मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के जेई व कर्मचारियों ने श्रमिकों के माध्यम से नहर के तटबंध को ठीक कराया।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: मां सरयू में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, किया दानपुण्य
