बरेली: गंदगी रोकने के लिए आयोजनों पर नजर, 100 से अधिक लोग तो देनी होगी निगम को सूचना
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अधिनियम के तहत की गई यह व्यवस्था
बरेली, अमृत विचार। स्वच्छता को लेकर नगर निगम गंभीर है और अब कार्रवाई की जाएगी। आयोजनों के बाद गंदगी सड़क पर फेंकी जा रही है। इसकी रोकथाम के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। शहर में होने वाले कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग जुटाए जाएंगे तो इसकी सूचना आयोजकों को नगर निगम को देनी होगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: बसपाइयों ने मनाया मायावती का जन्मदिन, BSP शासनकाल की उपलब्धियों पर डाला गया प्रकाश
साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट अधिनियम के तहत यह व्यवस्था की गई है। कार्यक्रमों के बाद आयोजकों को ही एक स्थान पर कूड़ा एकत्र कराना होगा। ऐसा न करने पर क्षेत्रफल और कचरे के हिसाब से संबंधित से जुर्माना वसूला जाएगा। बारातघर, बैंक्वेट हाल, होटलों में होने वाले आयोजनों पर निगम नजर रखेगा।
मकर संक्रांति के बाद सहालग भी शुरू हो गए हैं। होटल और बारात घर बुक हैं। इनमें रात में होने वाली दावतें तो बेहतर दिखती हैं लेकिन सुबह जूठन के साथ दोने-पत्तल सड़क पर फेंक दिए जाते हैं। इसकी रोकथाम के लिए नगर निगम ने सभी होटल, बैंक्वेट हाल, बारातघर संचालकों से आग्रह किया है कि वे रात में बचे खाने को फेंकने के बजाय नगर निगम को सूचना दें। निगम का वाहन उनके पास से गंदगी ले जाएगा। इसे फेंकते पाए जाने पर जुर्माना भरना पड़ेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अधिनियम में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई व जुर्माने का प्रावधान है। कहा कि लंगर, भंडारा, खिचड़ी भोज, शर्बत, चाय वितरण व अन्य आयोजन करने से पहले सूचना निगम को देनी होगी। इसमें गंदगी नहीं करने का आश्वासन देना होगा। नगर निगम उन्हें सहूलियत देगा कि आयोजन के बाद वे सूचना देंगे तो निगम का वाहन उनका एक जगह एकत्र कूड़ा उठाएगा। सड़क या खाली प्लाट में कूड़ा फैला होगा तो आयोजक को जुर्माना भरना होगा।
अपार्टमेंट व सोसाइटी को खुद अलग करना होगा कूड़ा
राजेश यादव ने बताया कि नियमावली के तहत कूड़े को निकासी की जगह पर ही अलग-अलग करना होगा। यानी अब प्रत्येक घर से निकलने वाले कूड़े में से सूखा और गीला कूड़ा खुद ही अलग करके रखना होगा। उठान करने वाली एजेंसी के लोगों को कूड़ा अलग-अलग ही देना होगा। पशुओं की पहुंच वाले स्थानों पर भी कूड़ा नहीं फेंका जा सकेगा। ज्यादा कूड़ा निकलने वाले स्थानों में अपार्टमेंट, गली में स्थित घर, होटल, पार्क, मॉल, सरकारी या निजी आवासीय कॉलोनियों, समितियों, दुकानों, कार्यालयों, वाणिज्यिक अधिष्ठान, एयरपोर्ट, रेलवे व उद्योगों को अपने क्षेत्रों में अलग-अलग कूड़ा रखने और निस्तारित करने की व्यवस्था करनी होगी।
जनता को बहुत जागरूक किया जा चुका है। अब सख्ती करनी होगी। शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी प्रत्येक शहरवासी की है। इस जिम्मेदारी को समझे बिना अकेले नगर निगम कैसे शहर को स्वच्छ रख सकता है। जनता की भागीदारी भी जरूरी है---निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त।
यह भी पढ़ें- बरेली: फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक ने छीना ट्रक, रिपोर्ट दर्ज
