राजधानीवासियों को नहीं करना होगा शीतलहर व गलन का सामना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तापमान में तो होगी गिरावट, पर कोहरे और गलन का प्रकोप रहेगा कम

लखनऊ। मौसम में हुए अचानक बदलाव से कड़ाके की ठंड पड़ने का कयास लगा रहे राजधानीवासियों के लिए राहतभरी खबर है। अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट तो होगी, पर शहरवासियों को बेहद गलन और शीतलहर का सामना नहीं करना पड़ेगा। केवल अगले 24 घंटे तक तेज सर्द हवाओं के थपेड़े झेलने होंगे। हालांकि अगले 6 दिनों तक दिन के अधिकांश समय आंशिक बादल छाये रहेंगे।

मौसम विभाग की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, हिमालय के तराई क्षेत्रों में बना पश्चिमी विक्षोभ मध्य भारत की ओर अग्रसर हो गया है। वहीं मध्य पाकिस्तान का साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी अपेक्षाकृत निष्क्रिय हो रहा है। इसके कारण उत्तरी और पश्चिमी यूपी में तो ठंड का असर देखने को मिलेगा, पर मध्य यूपी के शहरों में अपेक्षाकृत कम ठंड रहेगी। इसके कारण लखनऊ व आसपास के शहरों के लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और आंशिक बादल छाये रहे।

2 डिग्री तक गिरेगा पारा, रहेगा मध्यम कोहरा

आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि आगामी 18 जनवरी तक लखनऊ व आसपास के शहरों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। वहीं दिन के अधिकांश समय मध्यम दर्जे का कोहरा रहेगा। पर 16 दिसंबर के बाद शीतलहर या कोल्ड डे रहने की कोई संभावना नहीं है।

अधिकतम तापमान में होगी लगातार गिरावट

मो. दानिश ने बताया कि आगामी 18 जनवरी को नये पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ मौसम सामान्य रहेगा और कोहरे में गिरावट आएगी। इसके प्रभाव में लखनऊ में भी 19 जनवरी से न्यूनतम तापमान में बढ़त देखने को मिलेगी, पर अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट बरकरार रहेगी।

अगले 6 दिनों में राजधानी में संभावित मौसम (आंकड़े डिग्री सेल्सियस में) :-

दिनांक – अधिकतम तापमान – न्यूनतम तापमान – मौसम की स्थिति

16 जनवरी – 21.0 – 8.0 – मध्यम दर्जे का कोहरा

17 जनवरी – 20.0 – 7.0 – मध्यम दर्जे का कोहरा

18 जनवरी – 20.0 – 7.0 – मध्यम दर्जे का कोहरा

19 जनवरी – 19.0 – 8.0 – मध्यम दर्जे का कोहरा

20 जनवरी – 18.0 – 9.0 – कोहरा या पाला

21 जनवरी – 17.0 – 9.0 – कोहरा या पाला

ये भी पढ़ें : लखनऊ : परिवार में जीवन मूल्य सिखाएं तभी मानवता सुखी रहेगी : दत्तात्रेय होसबाले

संबंधित समाचार