मुरादाबाद : अवैध निर्माण पर चली निगम की जेसीबी, नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुध बाजार में व्यापारियों ने किया अभियान का विरोध, टीम पर लगाया अभद्रता का आरोप

मुरादाबाद,अमृत विचार।   बुध बाजार में व्यापारियों की सुस्ती अब उन पर ही भारी पड़ती दिख रही है। जब वादा करके कारोबारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो सोमवार को नगर निगम के अधिकारियों ने जेसीबी से दुकानों के आगे किया गया अवैध निर्माण ध्वस्त किया। इस दौरान  व्यापारियों की टीम के साथ नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने टीम पर अभद्रता का भी आरोप लगाया।  

अपर नगर आयुक्त सहित कई अन्य अधिकारी प्रवर्तन दल के साथ जेसीबी मशीन आदि लेकर बुध बाजार क्षेत्र में पहुंचे। चिह्नित अतिक्रमण पर लगे लाल निशान को देखकर हिंदू कालेज और आसपास के क्षेत्रों में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण तोड़वाना शुरू किया। इसे देखकर व्यापारियों में खलबली मच गई। सभी अपने सामान सहेजने में लग गए। बुध बाजार में स्मार्ट रोड नेटवर्क और बाजार के सौंदर्यीकरण आदि के कार्य में अवरोध बन रहे अवैध निर्माण को टीम हटाने में जुटी रही। इसी क्षेत्र में कई दुकानदार निशान को देखते हुए किए गए निर्माण को हटाने में लगे थे। वह मजदूर बुलाकर दुकानों के छज्जे, नाले पर किए गए निर्माण को तोड़ते दिखे।

अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह का कहना है कि शासन की मंशा और नगर आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चल रहा है। कारोबारियों को पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। पर्याप्त समय भी दिया गया था। लाल निशान लगाकर विभागों ने अतिक्रमण चिह्नित किया था। उसके हिसाब से अभियान चल रहा है।  नगर आयुक्त संजय चौहान का कहना है कि जहां से अतिक्रमण हटाने का कोई प्रयास व्यापारियों ने नहीं किया वहां निगम की टीम कार्रवाई कर रही है। जो व्यापारी किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटवा रहे हैं उनके प्रतिष्ठान पर जेसीबी मशीन नहीं चलाई जा रही है। शहर को सुव्यवस्थित बनाकर विकास करना जनहित में है। यह सरकार और नगर निगम प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।

कर अधीक्षक ने मोबाइल दुकानदार के खिलाफ दी तहरीर, दुकानदार ने भी लगाया आरोप 
मुरादाबाद। नगर निगम के कर अधीक्षक द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ गाली-गलौज व अभद्रता करने के मामले में मोबाइल दुकानदार अमन व सचिन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में सदर कोतवाली में तहरीर दी है। जबकि दोनों दुकानदारों ने नगर निगम की टीम पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है। मोबाइल दुकानदार अमन ने बताया कि उनके पास कोर्ट का स्टे है। दोपहर बाद नगर निगम की टीम दुकान पर पहुंची। उन्होंने दुकान तोड़नी शुरू कर दी। विरोध करते हुए निगम टीम को कोर्ट के स्टे संबंधी कागजात देखने की बात कही। इसके बाद भी निगम टीम में शामिल लोगों ने दुकान को तोड़ना जारी रखा। विरोध करने पर हाथापाई करते हुए मारपीट भी की गई। वहीं दूसरी ओर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने व्यापारी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि व्यापारी द्वारा निगम टीम के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की है। जिसमें कर अधीक्षक आरडी पोरवाल की तरफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : पड़ोसियों के ताने से तंग बेटे ने की थी मां की हत्या, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

संबंधित समाचार