गोंडा : व्यापारी की सरेआम पिटाई कर अपहरण का प्रयास
विरोध करने पर दबंगों ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में की तोड़फोड़
गोंडा। सोमवार की देर शाम स्कार्पियो सवार दबंगों ने सरेआम एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार की पिटाई कर उसका अपहरण करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर जब पास पड़ोस के लोग दौड़े तो स्कार्पियो सवार दबंग भाग खड़े हुए। मारपीट और तोड़फोड़ की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस सी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मारपीट और दबंगई का यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी के पास स्थित गणपति इलेक्ट्रॉनिक दुकान का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार की देर शाम स्कार्पियो सवार आधा दर्जन लोग दुकान पर पहुंचे और सीधे दुकान में घुस गए। आरोपियों ने व्यापारी को उसकी दुकान से बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई करने लगे। इस दौरान दबंगों ने दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट कर रहे लोगों ने व्यापारी को जबरन स्कॉर्पियो में बिठाकर अपहरण करने का प्रयास किया । हालांकि व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस के लोग दौड़े तो आरोपी व्यापारी को छोड़कर भाग निकले। मारपीट और दबंगई की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
लोगों ने इसकी सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी मौके पर बड़गांव चौकी के पुलिसकर्मी पहुंचे। नगर कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। हालांकि व्यापारी की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।
ये भी पड़ें : लखनऊ : भाजपा अध्यक्ष का वीडियो ट्वीट करने वाले कांग्रेस मीडिया संयोजक पर मुकदमा
