विकास की दौड़ में आगे रहना जरूरी : योगी
गोरखपुर में ‘बदलता परिदृश्य और पत्रकारिता’ विषय पर आयोजित हुई संगोष्ठी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की दौड़ में आगे रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्य करने के जज्बे से परिणाम आएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर में मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति की ओर से आयोजित ‘बदलता परिदृश्य और पत्रकारिता’ विषयक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दुनिया में किसी देश की ताकत उसकी अर्थव्यवस्था से होती है। आज देश पूरी दुनिया में तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था है। देश के प्रति पूरे विश्व की धारणा बदली है। भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है, यह सबको दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश दुनिया के उन महत्वपूर्ण 20 देशों (जी-20) का नेतृत्व कर रहा है जो दुनिया की 85 प्रतिशत जीडीपी, 75 प्रतिशत व्यापार, 60 प्रतिशत आबादी व 90 प्रतिशत पेटेंट पर आधिपत्य रखते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग देश को जाति, धर्म, वर्ग, भाषा, क्षेत्र आदि के आधार पर बांटना चाहते थे, वे फेल हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज व प्रदेश को चलाने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सिर्फ शासन, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की ही नहीं होती बल्कि इसमें जनभागीदारी और मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सकारात्मक रिपोर्टिंग से सरकार की बात करोड़ों लोगों तक पहुंचती है। प्रदेश में सकारात्मकता की कहानी भी इसी से जुड़ी हुई है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक राजेश त्रिपाठी, विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, महेंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
हर व्यक्ति की समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा। मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर में रुद्राभिषेक के बाद जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का त्वरित और संतुष्टिपरक समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे करीब 300 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन के दौरान सरकारी आवास मिलने पर महिला उषा मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने पहुंची थी। उषा ने सीएम से उनके साथ फोटो खिंचवाने का आग्रह किया, तो मुख्यमंत्री ने उनके साथ फोटो खिंचवाई।
ये भी पढ़ें : अखिलेश ने शिवपाल से उनके घर जाकर की मुलाकात, अटकलें तेज
