बरेली: वायु प्रदूषण से जंग के लिए शहर को मिलेंगे 33 करोड़, हॉटस्पॉट होंगे चयन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने के लिए मंथन शुरू हो गया है। शहर में उन स्थानों को हॉट स्पॉट घोषित करने की तैयारी है, जहां वायु गुणवत्ता ज्यादा खराब है। इन स्थानों पर पौधरोपण करने की भी कार्ययोजना बनाई गई है। हॉट स्पॉट का चयन करने की जिम्मेदारी प्रभागीय वनाधिकारी, एसपी ट्रैफिक और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को दी गई है। वायु प्रदूषण से जंग के लिए नगर निगम को 33 करोड़ रुपये मिलने हैं।

डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदूषण विभाग की सिटी इंप्लीमेंटेशन कमेटी की समीक्षा बैठक की जिसमें बताया गया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकेप) परियोजना के तहत बरेली शहर की परिवेशीय वायु गुणवत्ता के सुधार के लिए पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने नगर निगम को 33 करोड़ की धनराशि आवंटित की है। इसमें से 21.40 करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। डीएम ने इससे प्रस्तावित व्यय एवं परिवेशीय वायु गुणवत्ता के सुधार के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि अरविंद कुमार और कंसलटेंट डॉ. पुखराज साहू की मौजूदगी में की।

डीएम ने नगर निगम को आवंटित धनराशि को नियमाें के अनुसार व्यय करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि निगम ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों पर प्राना पोर्टल पर बरेली शहर की परिवेशीय वायु गुणवत्ता के सुधार के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर अपलोड किया है।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकेप) परियोजना के तहत आवंटित धनराशि का प्रयोग नगर निगम मार्गों की मैकेनिकल स्वीपिंग, एन्टीस्मोग डस्ट गन, वाटर स्प्रिंकलर, कन्स्ट्रक्शन एंड डिमोलेशन प्लांट की स्थापना, पार्कों एवं ग्रीन बेल्ट विकसित करने, पार्कों एवं ग्रीन स्पेस के रखरखाव के लिए उपकरण एवं वाहनों की आपूर्ति, मुख्य चौराहों पर प्यूरिफायर लगाने, सड़क गड्ढा मुक्त किए जाने, अधिक डस्ट वाली सड़कों पर पौधरोपण तथा सोल्डर निर्माण, वर्टिकल गार्डन विकसित करने एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के लिए व्यय किया जाना प्रस्तावित है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया, एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी समीर कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।

पीसीबी के प्रतिनिधि और कंसलटेंट ने किया निरीक्षण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि अरविंद कुमार, कंसलटेंट डॉ. पुखराज साहू ने नगर निगम की ओर से विकसित किए जा रहे सॉलिड वेस्ट डिस्पोजल साइट ग्राम सथरापुर के साथ बाकरगंज में किए जा रहे लिगेसी वेस्ट, राजेन्द्र नगर में स्थापित सीएक्यूएमएस का निरीक्षण किया। दोनों जगहों की गतिविधियों को देखकर संतोष जताया।

प्रदूषणकारी स्रोतों की मॉनीटरिंग को सेल बनाएगा निगम
बैठक में बताया गया कि प्राना पोर्टल पर बरेली शहर की परिवेशीय वायु गुणवत्ता के सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों को प्रत्येक तीन माह में अपलोड किया जाना है। इसके साथ प्रदूषणकारी स्रोतों पर पाबंदी लगाने एवं उनकी मॉनिटरिंग करने के लिए एक मॉनिटरिंग सेल का गठन नगर निगम के स्तर से किया जाना है।

सीबीगंज औद्योगिक आस्थान में पौधरोपण का प्रस्ताव
बैठक में आईआईए के अध्यक्ष तरुण भसीन ने सीबीगंज औद्योगिक आस्थान में लगभग आठ बीघे में उपलब्ध पार्क में पौधरोपण कराए जाने का सुझाव दिया। यह भी आश्वासन दिया कि पौधरोपण का रखरखाव आईआईए की ओर से किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: हाफिजगंज इलाके में किसान की गोली मारकर हत्या, तीन पर रिपोर्ट, एक आरोपी नामजद

संबंधित समाचार