शाहजहांपुर: टॉप-10 अन्तर्राज्यीय इनामी बदमाश गिरफ्तार, अफीम बरामद
शाहजहांपुर, अमृत विचार। मीरानपुर कटरा पुलिस ने टाॅप-10 अपराधियों में शुमार अंतर्राज्यीय अपराधी को बुधवार रात छकड़ापुर मोड़ के पास गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस टीम ने उसकी यूएसबी गाड़ी से डेढ़ लाख रूपये कीमत की अफीम बरामद की है। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि वह पुलिस …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। मीरानपुर कटरा पुलिस ने टाॅप-10 अपराधियों में शुमार अंतर्राज्यीय अपराधी को बुधवार रात छकड़ापुर मोड़ के पास गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस टीम ने उसकी यूएसबी गाड़ी से डेढ़ लाख रूपये कीमत की अफीम बरामद की है।
इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ बुधवार देर शाम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने व वांछित अपराधियों की तलाश में भ्रमणशील थे, तभी सूचना मिली कि सर्वेश यूएसबी गाड़ी से अपने साथी रिजवान के साथ अफीम बेचने के लिए जा रहा है, तभी शाम सात बजे छकड़ापुर मोड़ के पास घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार तिलहर के मोहल्ला खनपुरा निवासी सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि कटरा के गांव जौहना निवासी रिजवान मौके से भाग गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 1560 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान सर्वेश ने बताया कि वह दस वर्षो से अफीम व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सर्वेश तिलहर थाने का टाॅप-10 अपराधी है, उसके ऊपर एसपी ने पांच हजार रूपये का इनाम घोषित कर रखा था। सर्वेश के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के कटरा और तिलहर थाने में पांच मामले दर्ज हैं।
…जब चकमा देकर भाग गया था सर्वेश
11 जुलाई को सर्वेश अपने साथी फुंदन के साथ बाइक से अफीम व डोडा लेकर जा रहा था, तभी कटरा पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस ने फुंदन को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन सर्वेश चकमा देकर फरार हो गया।
दो साथियों को पकड़कर पहले की कमर तोड़ चुकी थी पुलिस
28 जून को उसने अपने साथी आशिक अली, मोहम्मद शानू के माध्यम से 800 ग्राम अफीम 70 हजार रूपये में तय करके पूर्ति हेतु भेजी थी, लेकिन चेकिंग के दौरान कटरा पुलिस ने आशिक अली व मोहम्मद शानू को अफीम सहित गिरफ्तार कर लिया था।
गाड़ी के गेयर लीवर में छिपाकर रखी गई थी अफीम
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए सर्वेश ने अफीम को गाड़ी के गेयर लीवर के प्लास्टिक के कवर के अन्दर छिपाकर रखा गया था। चूंकि पुलिस टीम के पास पक्की सूचना थी और उसके दो साथी पहले पकड़े जा चुके थे, इसलिए पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने गाड़ी में छिपाकर रखी गई अफीम के बारे में बता दिया।
झारखंड से खरीदकर पंजाब करता था सप्लाई
पुलिस पूछताछ में सर्वेश ने बताया कि वह झारखंड से सस्ते दाम पर अफीम मंगाता है और यहां पर उसकी 500-500 ग्राम की पैंकिग करके अपने साथियों से पंजाब में ऊंचे दामों पर बिकवाता है। क्षेत्र में भी मादक पदार्थो की बिक्री कराता है। जिसमें वह मोटा मुनाफा कमाता है।
