GSVM Medical College की सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कल से भर्ती होंगे मरीज, King George University के रेट पर होगी जांच
कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कल से मरीज भर्ती होंगे।
कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कल से मरीज भर्ती होंगे। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के रेट पर जांच और इलाज होगी।
कानपुर, अमृत विचार। GSVM Medical College संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कल से मरीज भर्ती हो सकेंगे। गुरुवार को कार्यदायी संस्था ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को बिल्डिंग हस्तांतरित कर दी है, जबकि हॉस्पिटल के लिए आउट सोर्सिंग के 150 से अधिक स्टाफ मिल गए हैं। इनमें स्टाफ नर्स, तकनीशियन, वार्ड ब्वाय, सफाई कर्मी और कंप्यूटर ऑपरेटर आदि शामिल हैं।
कानपुर समेत आसपास के जिलों के अत्याधिक गंभीर मरीजों को कई बार लखनऊ या दिल्ली के लिए जाना पड़ता था, जिसको देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जीटी रोड किनारे सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तैयार किया गया। यहां चालू होने से पहले कई तकनीकी गड़बड़ी मिली थी, जिसके बाद उसको कार्यदायी संस्था की ओर से सही कराया गया।
हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या ने बताया कि बिल्डिंग हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। संविदा वाले स्टाफ मिल गए हैं। शुक्रवार को प्राचार्य प्रो. संजय काला के हस्ताक्षर होने हैं। शनिवार या रविवार से इसमें गंभीर मरीज भर्ती किए जा सकते हैं। यहां केजीएमयू के निर्धारित रेट पर इलाज और जांच होंगी।
हॉस्पिटल में 240 बेड की सुविधा
सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 240 बेड हैं। इसी में 60 बेड आईसीयू के शामिल हैं। आठ अत्याधिक ऑपरेशन थियेटर हैं। यहां पर ओपीडी काफी पहले से ही चल रही है, जबकि मरीज भर्ती नहीं हो रहे हैं। उप प्राचार्य प्रो. रिचा गिरी के मुताबिक ओपीडी में इंडोक्रायोनॉलोजी, नेफ्रोलॉजी, पेन ओपीडी, प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, गैस्ट्रो आदि के डॉक्टर बैठेंगे। कई अन्य ओपीडी शुरू होने पर विचार विमर्श चल रहा है।
सीटी एमआरआई फिल्म आएगी
सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए सीटी एमआरआई और अन्य मशीनें काफी पहले ही आ गईं थी, जिसमें से सीटी एमआरआई की फिल्म जल्द ही आ जाएगी। यह काफी अत्याधुनिक मशीन हैं। प्रो. मौर्या के मुताबिक अभी ओपीडी में पंजीयन का खर्च एक रुपये है, जबकि रजिस्ट्रेशन और फाइल बनने का खर्च बढ़ सकता है। 50 रुपये अनुमानित हैं।
